जनसंघ को कुचलने वाली कांग्रेस का अस्तित्व आज संकट मेंः विष्णुदत्त शर्मा

राजनीति Jan 08, 2022


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा बलिदानों के कारण आज हमारा संगठन सबसे बड़ा बना

प्रदेश अध्यक्ष नीमच प्रवास पर

खबर नेशन / Khabar Nation

नीमच। पहले जनसंघ और फिर भाजपा के रूप में हमारी वैचारिक यात्रा चली है। न जाने कितने बलिदान और दमन को सहते हुए आज हम यहां पहुंचे हैं। कांग्रेस ने जनसंघ के इस विचार को खत्म करने की लाख कोशिशें की। नेहरूजी ने कहा था कि मैं जनसंघ को कुचल दूंगा, तब डॉ. मुखर्जी ने उनकी चुनौती स्वीकार कर कहा था कि हम आपके इस विचार को ही समाप्त कर देंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी का संकल्प पूरा हो रहा है। झूठ, छल, कपट की राजनीति करने वाली कांग्रेस आज देश में अपना अस्तित्व खोती जा रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने नीमच में कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा शनिवार को नीमच प्रवास पर थे। प्रदेश अध्यक्ष ने नीमच के टाउन हॉल में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री रवि यादव के निवास पहुंचकर भोजन कर उनके परिजनों से भेंट की। प्रदेश अध्यक्ष ने नीमच के लॉयन डेन में जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक में भाग लिया, जिसके पश्चात प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए।
राष्ट्र के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए भाजपा सदैव समर्पित
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन है। इसका मुख्य कारण हमारे संगठन महापुरूषों के बलिदान और कार्यकर्ताओं की संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण भाव है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए हमारे कार्यकर्ता सदैव समर्पित है। कोविडकाल के दौरान अगर किसी राजनैतिक दल के कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर समाजसेवा के लिए आगे आए तो वह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता थे। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राजनीति के साथ समाजसेवा और समाज के प्रति अपने कर्त्तव्य को निर्वहन करते हैं। क्योंकि हमारे लिए सदैव राष्ट्र प्रथम रहा है।
घमंड के लिए नहीं, जनता की सेवा के लिए है कार्यकर्ता
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। पंच से लेकर प्रधानमंत्री तक हमारे कार्यकर्ता विद्यमान है। उन्होंने कहा कि किसी दल की एक राज्य में सरकार बन जाए तो उनका घमंड उंचे स्तर पर होता है, लेकिन आज देश के 70 फीसदी भू-भाग पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बाद भी हमारे कार्यकर्ता जनसेवा के प्रति समर्पित और विनम्र है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में जनकल्याण के अभियान में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता घमंड के लिए नहीं गरीबों के कल्याण और जनसेवा के लिए है।
65 हजार बूथों को कार्यकर्ता विस्तारक बनकर डिजिटल बनायेंगे
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि स्व कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष में पार्टी के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि आगामी 20 से 30 जनवरी तक विस्तारक योजना के अंतर्गत प्रदेश के 65 हजार बूथों पर कार्यकर्ता विस्तारक बनकर बूथों का भौतिक सत्यापन कर उसे डिजिटल बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत स्वावलंबी मंडल और सक्षम बूथ बनें इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता बूथ पर जायेंगे। ताकि प्रत्येक बूथ पर हमारा 10 से 12 वोट प्रतिशत बढे। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर हम कमजोर है उसके सशक्तिकरण के साथ वोट शेयर पर भी काम होगा। सम्मेलन में प्रदेश शासन के मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, जिला प्रभारी श्री नंदकिशोर पाटीदार, जिलाध्यक्ष श्री पवन पाटीदार, विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, श्री माधव मारू, श्री कैलाश चावला मंचासीन थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment