कांग्रेस की वादाखिलाफी से जनता आक्रोशित, इसलिए भाजपा जीतेगी चुनाव: राकेशसिंह

राजनीति Oct 11, 2019

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- निकाय चुनाव प्रक्रिया बदलकर लोकतंत्र का गला घोंट रही कांग्रेस

 खबर नेशन / Khabar Nation

भोपाल। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश की जनता से किया कोई भी वादा पूरा नहीं किया। सरकार की इस वादाखिलाफी से जनता आक्रोशित है, समाज के हर वर्ग में गुस्सा है। इसीलिए जनता का समर्थन भारतीय जनता पार्टी के साथ है और भाजपा चुनाव जीतेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेशसिंह ने शुक्रवार को झाबुआ में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि महापौर चुनाव प्रक्रिया में बदलाव करके कांग्रेस लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है।
युवा, किसान, माता-बहनें सभी आक्रोशित
श्री राकेशसिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता में मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के खिलाफ भीषण आक्रोश है। इस सरकार ने किसानों का कर्जामाफ नहीं किया, बेरोजगारों को भत्ता नहीं दिया। गरीबों के लिए लागू की गई सभी योजनाएं बंद कर दी। 51 हजार देने की घोषणा की थी, अब तक कन्या विवाह योजना में 51 रूपए भी नहीं मिले हैं। प्रदेश में भारी वर्षा से फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा भी नहीं दिया गया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके मंत्रियों ने प्रदेश को हास्यास्पद स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है। इन सबके चलते कांग्रेस से युवा, किसान, माताएं- बहनें और प्रदेश की पूरी जनता आक्रोशित है और भाजपा चुनाव जीतेगी।
जनता जानती है कांग्रेस का झूठ
श्री राकेशसिंह ने कहा कि कांग्रेस की बातें झूठ का पुलिंदा हैं और वह जानबूझकर झूठ फैला रही है। वे किसी भी गांव में जाकर यह कह देते हैं कि यह भारतीय जनता पार्टी का व्यक्ति है और इसने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है, यह मजाक जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कल भी यह कहा था कि एक सरपंच ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। वही सरपंच राकेश डामोर मेरे साथ हैं। डामोर तपे हुए कार्यकर्ता हैं और अभी भी भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार झूठ पर झूठ बोल रही है, लेकिन जनता इन सारी बातों को जानती है। झाबुआ उपचुनाव में जनता ही कांग्रेस को सबक सिखायेगी।
जोड़-तोड़ से निकायों को हथियाना चाहती है कांग्रेस
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसी भी तरह से, जोड़-तोड़ करके मध्यप्रदेश के सभी निकायों को हथियाना चाहती है। कांग्रेसी भलीभांति जानते हैं कि वे जनता के बीच अपना चेहरा लेकर नहीं जा सकते। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी घूम-घूमकर कहते रहे हैं कि जहां पर अप्रत्यक्ष पद्धति से चुनाव होते हैं, वहां प्रत्यक्ष पद्धति से चुनाव करायेंगे। लेकिन प्रदेश की कमलनाथ सरकार अप्रत्यक्ष पद्धति से चुनाव कराकर अपने नेता को झूठा साबित कर रही है, जबकि यहां अभी तक प्रत्यक्ष पद्धति से चुनाव होते रहे हैं। प्रत्यक्ष चुनाव में जनता को अपनी पसंद का प्रत्याशी चुनने की आजादी होती थी और यही लोकतंत्र है। लेकिन कांग्रेस सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि कांग्रेस की इस कोशिश के खिलाफ पूरे मध्यप्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलायेंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल नगरनिगम को दो हिस्सों में बांटने के पीछे भी राजनीति है और कांग्रेस सरकार दिग्विजय सिंह की सोच को आगे बढ़ा रही है।
कांग्रेस का एजेंट बनकर काम न करे प्रशासन
प्रदेश अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने के लिए लड़ रही है उसका प्रत्येक कार्यकर्ता मतदान केन्द्रों पर तैनात है। लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस सारे सरकारी तंत्र का दुरूपयोग कर रही है, जो  आपत्तिजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी कांग्रेस का एजेंट बनकर कार्य न करे। अगर कहीं पर भी भाजपा के किसी कार्यकर्ता के साथ ज्यादती होती है, तो पार्टी उसकी शिकायत निर्वाचन आयोग को करेगी और संबंधित लोगों को इसका परिणाम भुगतना होगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment