नागरिकता संशोधन कानून के महत्व पर चलेगा व्यापक जनजागरण अभियान

राजनीति Dec 29, 2019

 

 खबर नेशन / Khabar Nation 

                भोपाल। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोधियों द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार को करारा जवाब देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निश्चय किया है। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कानून के महत्व को प्रतिपादित किया जायेगा और धार्मिक आधार पर प्रताड़ित शरणार्थियों की सुविधा और सम्मान के साथ नागरिकता के लिए किए जा रहे ऐतिहासिक कार्यो की जानकारी भी समाज को दी जायेगी।

                भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज एक बैठक प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह की अध्यक्षता एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। कार्यक्रमों की रचना इस प्रकार से की गयी है कि छोटे-छोटे गांव तक और मोहल्लों तक लोगों को सही अर्थों में नागरिकता कानून का विषय पहुंचे तथा जो लोग शरणार्थियों की नागरिकता का विरोध कर रहे है, उनके स्वार्थ भी उजागर हो सके। आने वाले दिनों में पार्टी घर-घर जनसंपर्क अभियान चलायेगी। प्रबुद्धजन संगोष्ठियां करेगी। ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर छोटी छोटी संगोष्ठियां भी की जायेगी। संसदीय क्षेत्रों में सांसदों द्वारा नागरिकता अधिकार सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रदेश के लाखों प्रबुद्धजनों से हस्ताक्षर कराए जायेंगे। सभी जिला केन्द्रों पर कानून के समर्थन में रैलियां होगी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से इन सब की जानकारी प्रसारित की जायेगी।

                संपूर्ण अभियान के लिए एक प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इस प्रदेश स्तरीय समिति में प्रदेश महामंत्री श्री बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लुणावत, प्रदेश महामंत्री व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर को शामिल किया गया है।

                इसी प्रकार विभिन्न अभियानों के प्रभारी नियुक्त किए गए है, जिसमें घर घर जनसंपर्क अभियान के लिए श्री रामेश्वर शर्मा, श्री पंकज जोशी, श्री राजेन्द्र सिंह और लोकेन्द्र पाराशर संयोजक रहेंगे। प्रबुद्धजन संगोष्ठी के प्रभारी श्री रजनीश अग्रवाल और श्री विकास बोन्द्रिया होंगे। इसी प्रकार छोटी संगोष्ठियों को आयोजित कराने का प्रभार श्री बंशीलाल गुर्जर और श्री सरतेन्दु तिवारी पर रहेगा। नागरिकता अधिकार सम्मान समारोहों के प्रभारी श्री विनोद गोटिया, श्री मनोहर उंटवाल, श्री शंकर लालवानी, श्री भगवानदास सबनानी, श्री अशोक रोहाणी और श्री कुंवर पाल शेरू होंगे। प्रबुद्धजन हस्ताक्षर अभियान का प्रभार श्री विजेश लुणावत, सुश्री उषा ठाकुर, श्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह, श्रीमती कृष्णा गौर और श्री सुरेन्द्र राठौर को दिया गया है। जिला केन्द्रों पर रैलियों के प्रभारी श्री वीडी शर्मा और श्री मानव सिंह दांगी होंगे। सोशल मीडिया के संयोजन का प्रभार श्री शैलेन्द्र शर्मा और श्री शिवराज डाबी के पास रहेगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment