487 घरों में मिला लार्वा, निगम ने लगाया सवा दो लाख का जुर्माना

 

- 2 हजार 259 जगह गंदगी मिलने पर 9 लाख वसूले
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने 487 घरों में जांच के बाद डेंगू का लार्वा मिलने पर 2 लाख 32 हजार 800 रूपए स्पॉट फाईन के रूप में वसूल किए। वहीं शहर के अलग-अलग इलाकों में गंदगी करने वाले 2 हजार 259 लोगों पर भी जुर्माने की कार्रवाई हुई। गंदगी मिलने पर अमले ने 9 लाख 97 हजार 405 रूपए वसूल किए। इस प्रकार कुल 12 लाख 30 हजार रूपए निगम ने स्पॉट फाईन के रूप में वसूल किए। यह सभी कार्रवाई पूरे अक्टूबर महीने में की गई। अब इस महीने यह कार्रवाई और तेजी के साथ होगी।

नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता के निर्देश पर सभी 19 जोन का स्वास्थ्य विभाग का अमला नियमित घरों में डेंगू लार्वा की जांच कर रहा है। जबकि गंदगी करने वालों पर भी अमला सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को निगम आयुक्त विजय दत्ता ने बीते महीने हुई कार्रवाईयों की समीक्षा की। इस दौरान सभी जोन से मिली जानकारी मुताबिक स्पॉट फाईन के रूप में अमले ने 12 लाख 30 हजार 205 रूपए 2 हजार 746 प्रकरण में वसूल किए। इसमें डेंगू लार्वा मिलने पर अमले ने 487 प्रकरण बनाए और 2 लाख 32 हजार 800 रूपए वसूले। जबकि गंदगी करने पर 2 हजार 259 प्रकरण में 9 लाख 97 हजार 405 रूपए स्पॉट फाईन के रूप में वसूल किए। समीक्षा के दौरान आयुक्त श्री दत्ता ने सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि इस महीने अधिक प्रकरण बनाए जाएं और लोगों को दोबारा गंदगी न करने की सलाह दी जाए। 

विधानसभा स्तर पर हुई समीक्षा

शुक्रवार को बीते अक्टूबर महीने की कार्रवाई की समीक्षा के दौरान नगर निगम आयुक्त विजय दत्ता को बताया गया कि उत्तर विधानसभा में 363 प्रकरण में 2 लाख 4 हजार 500 रूपए, नरेला में 418 प्रकरण में 1 लाख 20 हजार 950 रूपए, दक्षिण-पश्चिम में 237 प्रकरण में 65 हजार 950 रूपए, मध्य में 307 प्रकरण में 2 लाख 86 हजार 251 रूपए, गोविंदपुरा में 458 प्रकरण में 1 लाख 49 हजार 150 रूपए और हुजूर विधानसभा में 476 प्रकरण में 1 लाख 70 हजार 603 रूपए स्पॉट फाईन के रूप में वसूल किए गए।

Share:


Related Articles


Leave a Comment