शिव वाटिका में बना पौधरोपण का रिकॉर्ड.....

खबर नेशन / Khabar Nation  

शिव वाटिका में पौधरोपण का रिकॉर्ड, सीएम के जन्मदिन पर लगे 46 हजार पौधे, मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया ऐतिहासिक दिन
सीएम चौहान ने की तारीफ, बोले- मंत्री भूपेंद्र सिंह ने मुझे दिया अनुपम उपहार, मेरी बचपन की कमी पूरी कर दी

भोपाल। 
प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह की पहल पर प्रत्येक नगरीय निकाय में बनाई गईं शिव वाटिका से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 64 वें जन्मदिन पर आज अनूठा रिकॉर्ड बन गया है। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर लगाए गए 46 हजार पौधों के कारण किसी भी व्यक्ति के जन्मदिन पर पौधरोपण का विश्व स्तरीय रिकॉर्ड बन गया है। इस अनुपम उपहार से प्रसन्न मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगरीय निकास मंत्री श्री सिंह की दिल से सराहना की है। साथ ही बचपन की कमी को पूरा करने पर आभार भी जताया है।
 मुख्यमंत्री श्री चौहान का जन्मदिन आज रविवार को प्रदेश भर में ऐतिहासिक ढंग से मनाया गया है। इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह की पहल पर समस्त 413 निकायों में शिव वाटिका बनाई गईं। इसमें मुख्यमंत्री के जन्म 5 मार्च 1959 से लेकर आजतक के कुल दिनों की गणना करते हुए 23 हजार 360 पौधे लगाने का निर्णय लिया गया था, जो लाड़ली बहनों के उत्साह के आगे काफी पीछे छूट गया और प्रदेश भर में एक ही दिन में 46 हजार से अधिक पौधे इन शिव वाटिका में रोपे गए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह के साथ भेल क्षेत्र स्थित काली बाड़ी के समीप शिव वाटिका में पौधरोपण किया। कार्यक्रम में भोपाल नगर पालिका निगम की महापौर मालती राय, गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष माया नारोलिया, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भाजपा के भोपाल जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

मेरे लिए सुखद आश्चर्य, भूपेंद्र जी का हृदय से आभार - श्री चौहान
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुझे पता ही नहीं था कि मेरी जिंदगी के 23 हजार 360 दिन हो गए हैं। मुझे तो साल याद था कि 64वां जन्मदिन हो रहा है, लेकिन भूपेंद्र जी ने कुछ गुणा भाग लगाया और बताया कि मेरी जिंदगी के 23 हजार 360 दिन हो गए हैं। मेरे लिए सुखद आश्चर्य यह है कि मैंने 19 फरवरी 2021 को रोजाना एक पौधा लगाने का फैसला किया था, तब से मैं एक नहीं लगातार तीन, चार या पांच पेड़ लगता रहता हूं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैंने बचपन में जब खेलते-कूदते थे पेड़ नहीं लगाया। बाद में भी नहीं लगा पाता। भूपेंद्र जी ने मेरी वह गलती पूरी कर दी और मुझसे रोज का पेड़ लगवा दिया, पैदा होने से लेकर अब तक। मुख्यमंत्री श्री सिंह ने कहाकि अब जो समाचार आया कि 46000 पौधे लग चुके हैं, मतलब 1 दिन के दो-दो हो गए। मैं भूपेंद्र जी का हृदय से आभारी हूं। भूपेंद्र जी की पूरी टीम, मेरे वे भाई-बहन जिन्होंने आज वृक्षारोपण का कार्यक्रम संपन्न किया है, उन सभी का मैं आभारी हूं। मैंने निवेदन किया था कि मेरे जन्मदिन पर कोई बुके ना लाएं, पेड़ लगा दें या अगल—बगल में कोई गरीब हो तो उसकी मदद कर दें। जिस उत्साह से पौधरोपण किया गया है सभी को धन्यवाद।
 
सीएम का संकल्प बना जन अभियान - भूपेंद्र सिंह
नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहाकि आज प्रदेश के लिए सौभाग्यशाली और ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दो साल पहले मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से रोजाना एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था।  तब से वे प्रतिदिन पौधा लगा रहे हैं। श्री सिंह ने बताया कि दो साल से पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हम सभी से अपील की थी कि अपने-अपने जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाएं। वहीं इस बार अपने जन्मदिन पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहाकि वे जन्मदिन नहीं मनाएंगे, कहीं कोई उत्सव न मनाए जाए। ऐसे में हम लोगों ने विचार किया कि आखिर उनके लिए क्या उपहार सबसे अच्छा और यादगार रहेगा। इसीलिए हमने प्रदेश भर के प्रत्येक नगरीय निकाय में शिव वाटिका बनाकर 23 हजार 360 पौधे लगाने का फैसला किया। कई लोग सोच रहे होंगे कि यह आंकड़ा कहां से आ गया, असल में हमने और हमारे विभाग ने संकल्प लिया था कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के जन्म से अब तक जितने दिन हुए हैं, हम सब उतने ही पौधे लगाकर उनका जन्मदिन मनाएंगे। इसलिए आज 23 हजार 360 पौधे लगाने का संकल्प लिया था, लेकिन लाड़ली बहनों के उत्साह से यह संकल्प आज एक जन अभियान बन गया है। प्रदेश भर में आज 46 हजार पौधे रोपे गए हैं। यह एक विश्व रिकॉर्ड बन गया है। किसी व्यक्ति के जन्मदिन पर पहली बार दुनिया में इतने पौधे लगाए गए हैं। हम देख रहे हैं कि इसे कौन सी रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया जा सकता है। नगरीय विकास मंत्री ने कहाकि इस संकल्प के जरिए हम प्रकृति संरक्षण का संदेश देने में सफल रहे हैं। बहनों को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जो उपहार दिए हैं, लाड़ली बहनें उसके बदले प्रदेश भर में पौधे लगा रही हैं। सोशल मीडिया पर भी यह शिव वाटिका आज 5 वें नंबर पर ट्रेंड हो रही है। श्री सिंह ने कहाकि शिव वाटिका में लगाए गए पौधों के संरक्षण का काम भी निकाय करेंगे। मैं आज के दिन सभी प्रदेश वासियों से अपील करता हूं कि सभी लोग कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं, यही मुख्यमंत्री श्री चौहान को हमारी शुभकामना होगी।

प्रदेश भर में उत्साह पूर्वक पौधरोपण 
दो साल से प्रतिदिन पौध रोपण कर रहे मुख्यमंत्री श्री चौहान के जन्मदिन पर आज हर नगरीय निकाय में पौधरोपण को लेकर प्रदेशवासियों में खासा उत्साह है। प्रदेश के प्रत्येक नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में बनाई गईं शिव वाटिका में पौधे लगाए जा रहे हैं। सुबह से शाम तक लोग उत्साह के साथ पौधा लगा रहे हैं। इनमें भी लाड़ली बहना योजना को लेकर प्रदेश की महिलाओं का उत्साह आज के दिन को यादगार बना रहा है।


लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment