भोजशाला फैसले से पहले धार हाई अलर्ट, 1200 पुलिसकर्मी तैनात, ढाई मिनट में पहुंचेगी फोर्स

धार स्थित भोजशाला विवाद को लेकर आज बड़ा दिन माना जा रहा है। इंदौर हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी होने के बाद अब फैसले का इंतजार किया जा रहा है। दरअसल, 16 मई से कोर्ट की गर्मी की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आज ही फैसला सुनाया जा सकता है।

इधर फैसले की आहट मिलते ही धार शहर को पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रहा है। शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

भोजशाला फैसले से पहले धार में कड़ी सुरक्षा

भोजशाला मामले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद सख्त इंतजाम किए हैं। दरअसल, यह मामला धार्मिक और सामाजिक रूप से काफी संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से धार, इंदौर, झाबुआ और बड़वानी समेत कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

करीब 1200 पुलिसकर्मियों को शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक किसी भी सूचना पर क्विक रिस्पांस टीम ढाई मिनट के अंदर मौके पर पहुंच जाएगी।

 जुम्मे की नमाज को लेकर भी बढ़ी सतर्कता

दरअसल, भोजशाला परिसर एएसआई संरक्षित स्मारक है, जहां हर शुक्रवार मुस्लिम समाज के लोग जुम्मे की नमाज अदा करने पहुंचते हैं। आज शुक्रवार होने की वजह से प्रशासन और ज्यादा सतर्क नजर आ रहा है।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर न करें। प्रशासन लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

 पांच जोन में बांटा गया पूरा शहर

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे धार शहर को पांच जोन में बांटा गया है। दरअसल, पुलिस ने कई लेयर में सुरक्षा घेरा तैयार किया है ताकि किसी भी स्थिति को तुरंत कंट्रोल किया जा सके। शहर की ऊंची इमारतों पर भी जवान तैनात किए गए हैं। मोबाइल पुलिस वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम में रिजर्व पुलिस बल भी रखा गया है।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment