व्यवस्थित सेंटर स्थापित कर ट्रेनिंग दें, अन्यथा होगी कार्यवाही- दीपक जोशी

भोपाल। ट्रेनिंग प्रोवाइडर उन्हें आवंटित जिलों में व्यवस्थित सेंटर स्थापित कर युवाओं को ट्रेनिंग दें, अन्यथा कड़ी कार्यवाही की जायेगी। तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री दीपक जोशी ने यह बात गोविंदपुरा आईटीआई में मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन एवं कौशल्या योजना के ट्रेनिंग प्रोवाइडर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही।
जोशी ने कहा कि टीम बनाकर सभी सेंटरों का निरीक्षण करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को साकार करने के लिये दिल लगाकर कार्य करें। जोशी ने कहा कि ट्रेनिंग के बाद युवाओं का प्लेसमेंट भी सुनिश्चित करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
इस दौरान मध्यप्रदेश रोजगार निर्माण बोर्ड के अध्यक्ष हेमंत देशमुख ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिलाया जाये। प्रशिक्षण में प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा संजय बंदोपाध्याय, संचालक कौशल विकास संजीव सिंह, एडीशनल डायरेक्टर कौशल विकास जी.एन. अग्रवाल उपस्थित थे।

(खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment