राहुल गांधी के विरोध में भाजपा का कांग्रेस कार्यालय घेराव, भोपाल में जमकर प्रदर्शन
हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रेड क्रॉस अस्पताल से रैली के रूप में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यालय पहुंचने से पहले पुलिस ने रोका
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार कर कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। हालांकि मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। प्रदर्शन के बावजूद कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में बनी रही।
राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस और राहुल गांधी को चेतावनी देने के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचे हैं।
रामेश्वर शर्मा बोले- जनता नहीं मानती गंभीर नेता
हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता उन्हें गंभीर नेता नहीं मानती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के घेराव जैसे कदम केवल राजनीतिक नौटंकी हैं और इससे जनता भ्रमित नहीं होगी। शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी सोच और मानसिकता बदलने की जरूरत है तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए।
लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने का दावा
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि कांग्रेस इसी तरह का माहौल बनाती रही तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उसका लगातार विरोध करती रहेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने राजधानी के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
=========