जनता चौथी बार आशीर्वाद देने के लिए आतुर कार्यकर्ता मेहनत से सरकार बनायेंगे

जो देश को कमजोर देखना चाहते हैं, वे हमें रोकना चाहते हैं: राकेश सिंह

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का जो मंत्र दिया था। उसे आज हमारी सरकारें उसी को अमल में ला रही हैं। देश में गरीबों के लिए जो कुछ भी हो रहा हैं, वह भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कारण हुआ हैं। हमारी सरकार कार्यकर्ताओं के कारण बनी हैं। हमारे पास सक्षम नेतृत्व और विचारधारा हैं, जिसके कारण हम जनसेवा के महायज्ञ में जुटे हैं। 2003 में कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली थी जिसके कारण हमारी सरकार बनी और लगातार कार्यकर्ताओं के बूते हम सरकार में हैं। चौथी बार भी जनता हमें आशीर्वाद देने के लिए आतूर बैठी हैं। कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पुनः सरकार बनाएंगे। यह बात राकेश सिंह ने प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में भोपाल संभाग की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

राकेश सिंह ने कहा कि सत्ता के बगैर कांग्रेस बैचेन हैं। दुनिया की बड़ी से बड़ी ताकतें नहीं चाहती की नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें। इन 4 वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विश्व में सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा हैं। यह भारत की बढ़ती ताकत उन सबकी आंखों में खटक रही हैं, जो देश को कमजोर ही देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन क्षमता के कारण हमारी ताकत बढ़ी हैं। हमारी चुनौतियां बढ़ी हैं क्योंकि हम मजबूत हुए हैं। देश के सारे विपक्षी दल एवं अनेक ताकतें मिलकर भाजपा को रोकने में लगी हुई हैं। भविष्य में हमारी चुनौतियां बढ़ेगी क्योंकि हम ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनसेवा के कार्य में जुटे हुए हैं। कार्यकर्ताओं के विश्वास और परिश्रम के आगे हमें यह सारी चुनौतियां छोटी लगती हैं।

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रम और कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं। संगठन कार्यक्रम के कारण ही हमारा कार्यकर्ता जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करता हैं। हमारे पास मजबूत और सक्षम कार्यकर्ताओं की बडी फौज हैं, और झोली में केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अपार उपलब्धियां हैं, जिनके दम पर पूरे आत्मविश्वास के साथ मध्यप्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। राकेश सिंह ने कहा कि संभागीय प्रवास के दौरान मैं जगह-जगह गया, क्षेत्र बदलें, भौगोलिक स्थिति बदली, परंतु हमारे समूचे मध्यप्रदेश कार्यकर्ताओं का उत्साह हर संभाग में एक जैसा बुलंद दिखा। यह उत्साह उसी विचारधारा के कारण हैं, जिसके कारण हम अलग राजनैतिक दल के रूप में पहचाने जाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और उनके भाव देखकर निश्चित तौर पर मैं कह सकता हूँ कि हमारे सामने कोई चुनौती नहीं हैं।

प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने आगामी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि बूथ मुख्य इकाई हैं। बूथ मजबूत हो इस दृष्टि से बूथ समितियों एवं पालक संयोजकों की प्रदेश में बैठक संपन्न होगी। उन्होंने बूथ के सक्रिय कार्यकर्ता एवं की-वोटर को भी सूचीबद्ध करने की बात कही। सोशल मीडिया के उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि 2014 लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग को हम सभी ने देखा हैं। 2018 के चुनाव में सोशल मीडिया के सर्वोच्च उपयोग कर लड़ा जायेगा। इस दृष्टि से सोशल मीडिया की टीम को भी सक्रिय करें। कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर हम शून्य से यहां पहुंचे हैं। यह विजय यात्रा और आगे बढ़ेगी।

बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द भदौरिया ने किया। पूर्व में अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर महापुरूषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, विजेश लुणावत, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री सुरेन्द्र पटवा, प्रदेश मंत्री रघुनाथ भाटी, पकंज जोशी, संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, जिला अध्यक्ष सुरेन्द्रनाथ सिंह मंचासीन थे। बैठक में संभाग में निवासरत पार्टी के जिला अध्यक्ष, महामंत्री, सांसद, विधायक, मोर्चा, प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं पूर्णकालिक कार्यकर्ता मौजूद थे। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment