स्व-रोजगार योजनाओं में 6.74 लाख हितग्राही लाभान्वित : राज्य मंत्री पाठक

मुख्यमंत्री स्व-रोजगार एवं युवा उद्यमी योजना के लिये 476 करोड़ का प्रावधान

भोपाल। प्रदेश में शिक्षित बेरोजगारों को स्व-रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार कार्यक्रम के अंतर्गत स्व-रोजगार के अधिकाधिक अवसर सृजित किये जा रहे हैं। एमएसएमई विभाग एवं केन्द्र शासन की स्व-रोजगार योजनाओं को मिलाकर प्रदेश में वर्ष 2017-18 में 7 लाख 50 हजार के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 6 लाख 74 हजार हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलवाया गया हैं।

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री संजय-सत्येन्द्र पाठक ने यह जानकारी देते हुए बताया हैं कि आगामी वित्त वर्ष में मुख्यमंत्री स्व-रोजगार और युवा उद्यमी योजना में 476 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया हैं। इसमें से मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना के लिये 280 करोड़ और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लिये 196 करोड़ रूपये की राशि रखी गई हैं। इसी तरह एमएसएमई को प्रोत्साहन के लिये 167 करोड़ और औद्योगिक अधोसंरचना विकास के लिये 72.60 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जायेगी।

राज्य मंत्री पाठक ने बताया कि इन योजनाओं में हितग्राहियों को स्व-रोजगार के अवसर सृजित करवाने के लिये सभी जिला मुख्यालयों पर स्व-रोजगार सम्मेलन आयोजित किये गये हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी परियोजना में अधिकतम लागत एक करोड़ से बढ़ाकर दो करोड़ रूपये कर दी गई हैं। इसी के साथ, किसानों के पुत्र/पुत्री को दो करोड़ रूपये तक लागत की परियोजना के नवीन उद्यम स्थापित करवाने के लिये मुख्यमंत्री कृषक उद्यम योजना प्रारंभ की गई हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment