कर्नाटक की जीत प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष के कुशल संगठन शिल्प की जीत

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि जो कांग्रेस कर्नाटक में विजय की बड़ी बड़ी बाते कर रही थी और जिस कांग्रेस के मुखिया राहुल गांधी चुनाव प्रचार के दौरान स्वयं को प्रधानमंत्री बनाने का सपना संजो रहे थे। वह कांग्रेस विजय के आसपास भी नहीं टिक पा रही, क्योंकि समाज को बांटो और राज करो की नीति को जनता ने पूरी तरह नकार दिया हैं और भाजपा की विकासवादी राजनीति का स्वागत किया हैं। कभी जिन अंग्रेजों के बारे में कहा जाता था कि उनके साम्राज्य का सूरज कभी अस्त नहीं होता। उन्होंने भी भारत में बांटो और राज करो की नीति अपनायी और परिणामस्वरूप उन्हें भारत छोड़ना पडा। कांग्रेस उन अंग्रेजो से समाज को बांटने में कही आगे निकल गयी हैं। स्वाभाविक हैं कि कांग्रेस को कर्नाटक की जनता ने उसके पाप का फल दिया हैं। साथ ही इस चुनाव से यह स्पष्ट संदेश भी गया हैं कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता अगर ठान ले तो जहां चाहे वहां कमल का फूल खिलाकर रहता हैं। उन्होंने कर्नाटक की जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के संगठन कौशल को कारण बताया हैं। भले ही राहुल गांधी प्रधानमंत्री का सपना देख रहे थे, लेकिन कर्नाटक में कांग्रेस तिनके की तरह उड़ गयी। जनता ने कांग्रेस को गंभीरता से लेना बंद कर दिया हैं और अब कांग्रेसी भी शायद राहुल गांधी को गंभीरता से लेने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस विजय ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंपी हैं। उन्हें अधिक विनम्रता से जनता की सेवा में जुटना हैं।

राकेश सिंह ने कहा कि अंग्रेज बांटो और राज करो की नीतियों पर काम करते थे। उन्हें भी देश छोड़कर जाना पडा। उन्हीं नीतियों पर कांग्रेस काम कर रही हैं और नतीजे के रूप में कांग्रेस के पास से एक और बड़ा राज्य जा चुका हैं। यदि आज चुनाव होते हैं तो बचे हुए तीन राज्यों से भी कांग्रेस बेदखल हो जायेगी। कार्यकर्ता भाईयों के लिए संदेश हैं कि यदि भाजपा का कार्यकर्ता कमर कस लें तो कुछ भी असंभव नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी का झंडा एक हाथ में दूसरे में केन्द्र और शिवराजसिंह चौहान सरकार की उपलब्धियां लेकर जनता के बीच में गर्व के साथ पहुंचे और अबकी बार 200 पार, चौथी बार भाजपा सरकार के नारे को यथार्थ ने बदलने में जुट जाए।

जनता जान चुकी हैं देश का भविष्य नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित: चौहान

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि देश की जनता देख चुकी हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक वैश्विक शक्ति के रूप में पहचान बना चुका हैं। इसलिए त्रिपुरा से लेकर असम, कर्नाटक तक भगवा परचम के पीछे जनता एक जुट हो चुकी हैं। देश के 22 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकारें हो रही हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम और पार्टी की रीति नीति की स्वीकार्यता ने हमें शिखर पर पहुंचाया हैं। हमें नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की अजेय जोड़ी मिली हैं जिससे विजय रथ निरंतर बढ़ रहा हैं।
(खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment