नगरीय विकास मंत्री सिंह द्वारा ग्वालियर में श्रमिकों की मृत्यु पर शोक व्यक्त
मृतकों के परिजनों को तुरंत दी 4–4 लाख की आर्थिक सहायता
प्रशासकीय जाँच के निर्देश
भोपाल।नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने ग्वालियर की नारायण विहार कॉलोनी में बुधवार को अमृत योजना की सीवर लाईन निर्माण में मिट्टी धसकने से गुजरात निवासी दो श्रमिकों की मृत्यु पर गहन शोक व्यक्त किया हैं। घटना की सूचना मिलते ही माया सिंह जेएएच परिसर स्थित शव-परीक्षण गृह पहुँची और मृतक श्रमिकों के परिजनों को ढाँढस बँधाया। सिंह ने योजना का काम कर रही सुपर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से मृतकों के परिजनों को तुरंत चार-चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसमें से एक–एक लाख रूपए की राशि नगद दी हैं और शेष तीन – तीन लाख रूपए की राशि उनके बैंक खातों में पहुँचाई जा रही हैं। माया सिंह ने घटना की प्रशासकीय जाँच कराने के निर्देश भी दिए हैं।
मंत्री माया सिंह ने मृतक श्रमिकों के शवों और उनके परिजनों को अलग-अलग वाहनों से गुजरात जिले के दाहोद जिले में स्थित उनके गृह ग्रामों के लिये रवाना कराया। नगर निगम एवं कंपनी के कर्मचारी भी मदद के लिये परिजनों के साथ गए हैं। दाहोद जिले के कलेक्टर और विधायक से भी माया सिंह ने दूरभाष पर से चर्चा की और सुविधाजनक तरीके से दोनों श्रमिकों के शव उनके गाँव तक पहुँचाने के लिये कहा। उन्होंने मृतक श्रमिकों के आश्रितों को जल्द से जल्द बीमा की राशि दिलाने के निर्देश भी दिए। निर्माण कंपनी की ओर से इन दोनों श्रमिकों का 10–10 लाख रूपए का बीमा करवाया गया था।
नारायण विहार कॉलोनी में हुई दु:खद दुर्घटना में गुजरात के दाहोद जिले के ग्राम महूरी निवासी नीनामा कालूभाई और ग्राम कदम्बा निवासी कलसिंह की मृत्यु हो गई। मंत्री माया सिंह ने स्व. कालूभाई की पत्नी रेवली और स्व. कलसिंह की पत्नी हकली को गले लगाकर ढाँढस बँधाया। उन्होंने ईश्वर से मृतकों के परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)