सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के प्रयासों से आया उल्लेखनीय बदलाव
भोपाल। उज्जैन शहर के दो सरकारी स्कूलों में प्राचार्य और शिक्षकों के अथक प्रयासों के कारण उल्लेखनीय बदलाव आया हैं। ये स्कूल हैं फाजलपुरा का शासकीय हाई-स्कूल और हीरा मिल का शासकीय हाई स्कूल। इन स्कूलों में कक्षा 9 का परीक्षा परिणाम 75 प्रतिशत से अधिक रहा हैं।
कलेक्टर संकेत भौंडवे ने पिछले दिनों इन स्कूलों में पहुँच कर अच्छे अंक लाने वाले बच्चों को डिक्शनरी समेत अन्य पुस्तकें भेंट की। कलेक्टर भौंडवे ने कहा कि शिक्षकों के साथ समाज भी बच्चों की पढ़ाई की तरफ ध्यान दे, तो स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में बदलाव लाया जा सकता हैं। इसका उदाहरण यह दो स्कूल हैं। फाजलपुर सरकारी हाई स्कूल में पिछले वर्ष 31 प्रतिशत रिजल्ट आया था। अब यह परीक्षा परिणाम 74 प्रतिशत तक पहुँच गया। हीरा मिल सरकारी हाई स्कूल में परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत तक पहुँच गया हैं।
कृषि मण्डी जनसेवा समिति और ओमकर लाल खण्डेलवाल न्यास के द्वारा दोनों शालाओं में रोटरी क्लब की मदद से एक-एक प्रोजेक्टर उपलब्ध कराये गए हैं। इन स्कूलों में लायब्रेरी को पुस्तकें दी गईं और नि-शुल्क कोचिंग क्लासेस लगायी गईं। इन सब व्यवस्थाओं का ही परिणाम रहा कि दोनों स्कूलों के परीक्षा परिणाम में सुखद बदलाव आया।
कलेक्टर भौंडवे ने कहा कि उज्जैन शहर के अन्य सरकारी स्कूलों में भी स्वयं सेवी संस्थाओं की मदद से पढ़ाई व्यवस्था की गुणवत्ता सुधार के प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने पालकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की ओर विशेष सहयोग देने का आग्रह किया।
(खबरनेशन / Khabarnation)