केन बेतवा लिंक परियोजना निर्माण
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अजयप्रताप सिंह ने बताया कि केन बेतवा लिंक परियोजना का वित्त पोषण केन्द्र और राज्य सरकारे 90 और 10 के अनुपात में करेगी। केन्द्र सरकार ने मध्यप्रदेश की मांग स्वीकार कर ली गयी है। अब प्रारंभिक चरण में ही मध्यप्रदेश द्वारा चाहे गए निचली और बांध, बीना काम्पलेक्स और कोथा बेराज का परियोजना का निर्माण किया जायेगा। केन बेतवा लिंक परियोजना के पूरा होने पर बुन्देलखण्ड अंचल में सिंचाई और पेयजल की समस्या का समाधान हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि दो चरणों में निर्माण करने के बजाए अब दूसरे चरण का निर्माण कार्य भी पहले चरण में किया जायेगा। पूर्व में पहले चरण पर 18 हजार करोड़ रूपए और दूसरे चरण पर 8 हजार करोड़ रूपए लागत का अनुमान लगाया गया था। अब यह अनुमान भी संशोधित किया जायेगा। दिसंबर मासांत तक दोनों राज्यों के अधिकारियों और केन्द्र के प्रतिनिधि की संयुक्त बैठक में लिंक परियोजना को अंतिम रूप दिया जायेगा जिससे आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में इसे शामिल किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के निर्देशन में केन बेतवा परियोजना की पहली बैठक 2003 में संपन्न हुई थी। इसी के साथ तीन दर्जन लिंक परियोजनाओं पर विचार किया गया था। केन बेतवा को प्रथम चरण में देश की मार्गदर्शी परियोजना के रूप में प्राथमिकता दी जा रही है। दोनों चरणों को एक में समाहित किए जाने के बाद अब निर्माण लागत में संशोधन किया जा रहा है। साथ ही बची हुई पर्यावरण अनुमतियों के लिए प्रयास तेज कर दिए गए है। जिससे आगामी वर्ष में निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जायेगा। (खबरनेशन / Khabarnation)