इंडी गठबंधन टिकने वाला नहीं है

-पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को रीवा लोकसभा में जनार्दन मिश्र और सतना लोकसभा में गणेश सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

-पूर्व मुख्यमंत्री ने मऊगंज, रामपुर बघेलान, अमरपाटन, मैहर, उचेहरा और नागौद में जनसभाओं को संबोधित किया।
राहुल गांधी वामपंथियों के बंधक

राहुल जहां जाते है वहां दूसरी पार्टी के वोट बढ़ जाते है

भाजपा देश और जनता की सेवा के लिए है

मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए का धूमधाम से जीतना तय है

-श्री शिवराज सिंह चौहान

KHABAR NATION

भोपाल 
पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्र और सतना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में कई नगरों व ग्रामों में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, मैडम सोनिया और राहुल गांधी में इतनी हिम्मत ही नहीं है कि, रायबरेली से चुनाव लड़ सकें। राहुल बाबा अपना क्षेत्र छोड़कर अमेठी से वायनाड चले गए हैं। जो नेता खुद जीतने में सक्षम नहीं वो कांग्रेस को क्या जिताएंगे। कांग्रेस में न नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व है। इनके गलत फैसलों के कारण कांग्रेस लगातार गर्त में जा रही है। कांग्रेस का विसर्जन तय है। उन्होंने कहा कि, दो बातें और भी तय है, एक तो मोदी जी का तीसरी बार धूम-धाम से जीतना तय है और दूसरा अबकी बार 400 पार तय है।

इटली की भाषा में नहीं समझा सकते

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, राहुल गांधी कह रहे थे कि, घोषणा पत्र में भाजपा ने गरीबों का जिक्र ही नहीं किया है। राहुल जी घोषणा पत्र हमने हिंदी में लिखा है, अब तुम्हे हिंदी पढ़नी नहीं आती तो हम क्या करें, अगर हिंदी नहीं आती तो अंग्रेजी में पढ़ लो, अब अंग्रेजी भी समझ में नहीं आती तो अब हम इटली की भाषा में तो नहीं समझा सकते हैं। ये प्रधानमंत्री मोदी जी हैं जिन्होंने कहा कि, लगातर 5 सालों तक हर गरीब को निशुल्क राशन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, भाजपा केवल देश और जनता की सेवा के लिए है। राजनीति कोई धंधा नहीं है। जनता की सेवा ही हमारे लिए भगवान की पूजा है। मैं मैया से एक ही चीज़ मांगता हूं, माँ मुझे धन, बल, विद्या, स्वर्ग और मुक्ति नहीं चाहिए, बस इतना करना कि, मेरे मरने के बाद मुझे बार-बार इसी जनता के बीच पैदा करना ताकी इनकी सेवा कर सकूं।

राहुल वामपंथियों के बंधक

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी वामपंथियों के बंधक हैं ।राहुल, भारत की मूल धारा, विचार और संस्कारों को नहीं जानते हैं । आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का कांग्रेस विरोध करती है । कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक का विरोध करती है । कश्मीर से धारा 370 हटने का भी कांग्रेस विरोध करती है ।कांग्रेस के सर्वोच्च नेताओं में चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है, सोनिया गांधी ने रायबरेली से पलायन कर लिया है, राहुल गांधी, अपना क्षेत्र छोड़कर वायनाड चले गए । राहुल जहां जाते हैं दूसरी पार्टियों के वोट बढ़ जाते हैं । जो नेता खुद नहीं जीतने में सक्षम नहीं वो कांग्रेस को क्या जिताएंगे ?

गठबंधन टिकने वाला नहीं

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, ये इंडी गठबंधन इस चुनाव में न तो बचने वाले है न चलने वाले हैं। आज कल कुछ लोग जेल में हैं, आरोप लगाए जाते हैं ईडी, इनकमटेक्स। अगर कोई नेता पैसा खाए तो उसके खिलाफ कार्यवाही होना चाहिए या नहीं..? नेता कोई विशेष अधिकार लेकर नहीं आया है। जो पैसा खाएगा वो जेल जाएगा। ये तो कांग्रेस के जमाने में होता था कि कितना भी भ्रष्टाचार कर लो, चारे से लेकर आटे तक घोटाले कर लो लेकिन कुछ नहीं होने वाला बस जांच चलेगी और मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी ने कह दिया कि, न खाऊँगा न खाने दूंगा। इसलिए भ्रष्टाचारी जेल जा रहे हैं। सब ने मिलकर गठबंधन बनाया है पर ये गठबंधन टिकने वाला नहीं है। उसकी दुर्गति होने वाली है।

कांग्रेस के माथे पर कलंक

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आयोध्या में भव्य और दिव्य राममंदिर का निर्माण हुआ और रामलला विराजित हुए। बहनें घरों में दीपक जला रही थी, नौजवान हाथों में भगवा पताकाएं लहरा रहे थे, हर कोई रामलला के दर्शन करने के लिए आतुर था, पूरा देश खुशियां मना रहा था, लेकिन कांग्रेस रो रही थी। प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने ऑन रिकॉर्ड, लिखित में कहा कि, हम नहीं जाएंगे, कांग्रेस की बुध्दि पर मंथरा बैठ गई है। अब जब तक सूरज-चांद और ये धरती रहेगी कांग्रेस के माथे पर कलंक रहेगा कि, उन्होंने प्रभु श्रीराम का विरोध किया था। ये कांग्रेसी, भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी का विरोध करते-करते भगवान राम का ही विरोध करने लगे।

भाजपा सरकार में ही विकास हुआ है

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस की सरकार में विकास के कोई काम नहीं होते थे। सड़कें नहीं थी, पता ही नहीं चलता था कि, सड़कों में गड्ढें हैं या फिर गड्ढों में सड़क। भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया है। हर क्षेत्र में विकास किया है, चाहे सिंचाई की व्यवस्था हो, मेरे किसान भाइयों सूखी खेती भी कोई खेती होती है, कई बार जितने बीज डाल कर आए उतनी काटने की स्थिति नहीं बनती, लेकिन आज मैं आत्मसंतोष से भरा हूँ कि, बाणसागर बांध बनाने का सौभाग्य भाजपा की सरकार को मिला। बाणसागर के पानी को रीवा की इस पवित्र धरती पर लाने का सौभाग्य भी आपने हमें दिया। पानी केवल रीवा और सतना तक सीमित नहीं रहेगा। वो पानी अब मऊगंज की इस पवित्र धरती पर आने वाला है। भाजपा की सरकार और मोदी जी के नेतृत्व में ही विकास के काम हुए हैं। कांग्रेस को तो जनता से के सुख-दुख से कोई लेना-देना नहीं है।

मोदी जी अद्भुत नेता है

पूर्व सीएम श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अद्भुत काम किए हैं। मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। जब देश में कांग्रेस की सरकार थी तो दुनिया में कहीं भी भारत का कोई मान-सम्मान, इज्जत नहीं थी। भारत को घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद दुनिया के कोने-कोने में भारत की जय-जयकार हुई है और मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये सम्मान केवल मोदी जी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। मोदी जी ने कह दिया, हम किसी को छेड़ेंगे नही और हमें किसी ने छेड़ा तो छोड़ेंगे नहीं, आज दुश्मन की क्या मजाल है कि, भारत की तरफ आंख उठा कर देख लें। एक ही उदाहरण देखिए कि, रूस और यूक्रेन के बीच युध्द चल रहा था, भारत के बच्चे भी वहां फंसे हुए थे। प्रधानमंत्री जी ने एक फोन रूस और एक फोन यूक्रेन के राष्ट्रपति को कर कहा कि, जब भारत के बच्चे हाथों में तिंरगा लेकर निकले तो युध्द थम जाए और जब बच्चे भारता माता की जय के नारे लगाते हुए निकले तो दोनों देशों ने युध्द रोक दिया और हमारे बच्चे सुरक्षित निकल आए। उन्होंने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी जी के नेतृत्व में ही विकसित भारत का भी निर्माण होगा। इसलिए मध्यप्रदेश की 29 की 29 सीटों पर कमल खिलाकर मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

हर जगह भव्य स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को रीवा और सतना लोकसभा क्षेत्र के मऊगंज, रामपुर बघेलान, अमरपाटन, मैहर, उचेहरा और नागौद में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आमजन को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम जहां-जहां से गुजरे, रास्ते में बड़े-बुजुर्गों, बहनों, युवाओं और भांजे-भांजियों ने फूलों की बौछारों से उनका भव्य स्वागत किया। बुजुर्गों और बहनों ने शिवराज को विजयी भव: का आशीर्वाद दिया तो भांजे-भांजियां, मामा-मामा पुकारते हुए शिवराज से लिपट गए। किसी ने जीत का तिलक लगाया तो किसी ने हाथ मिलाकर खुशी जाहिर की। पूर्व मुख्यमंत्री ने भी सभी का हाथ जोड़कर, शीश झुकाकर अभिवादन किया।

Share:


Related Articles


Leave a Comment