एप्को ने प्लास्टिक प्रदूषण पर स्कूलों में किये कार्यक्रम
भोपाल। पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) द्वारा विश्व वसुंधरा दिवस पर आज दूसरे दिन शासकीय नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुलसी नगर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चूना भट्टी में विद्यार्थियों और शिक्षकों को पोलिथीन के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके उपयोग को कम करने की
सलाह दी गई। वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेश मिश्रा और पर्यावरण शिक्षा अधिकारी ने 'प्लास्टिक प्रदूषण का खात्मा' और आर-3 की अवधारणा रिडयूस, रियूस और रिसाइकिल के बारे में बताया।
विद्यार्थियों को प्लास्टिक उपयोग खत्म करने के लिये संकल्प भी दिलाया गया। एप्को टीम ने पोलीथीन के उपयोग को बंद करने और कपड़े के थैले के उपयोग को बढ़ावा देने के लिये खादी के कपड़े से तैयार थैलियों का वितरण भी किया। दोनों विद्यालयों में हुई स्लोगन प्रतियोगिता में सीमा बारेला और शिवानी जाटव को प्रथम, शीतल दिहारी और प्रीति मालवीय को द्वितीय, साक्षी दिहारी, शांति रंगीले, प्रीति भारती और संजना बंसल को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का समापन प्रदूषण रहित नारों पर केन्द्रित रैली से किया गया। प्राचार्य संगीता ठाकुर और वंदना शुक्ला ने विद्यार्थियों से विद्यालय परिसर के साथ अपने आस-पड़ोस को भी पालिथीन मुक्त बनाने का आव्हान किया। (खबरनेशन / Khabarnation)