राष्ट्र उत्थान के अभियान में सब साथ आयें: शिवराज सिंह

राजनीति Jul 26, 2019

गोरखपुर में सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री

खबर नेशन/Khabar Nation   

गोरखपुर। सदस्यता अभियान के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी से समाज के हर वर्ग के लोग जुड़ें। अभियान से समाज के किसी भी वर्ग का व्यक्ति अछूता न रहे, यही सदस्यता अभियान का मूल उद्देश्य है। पार्टी का सदस्यता अभियान सिर्फ अभियान न होकर राष्ट्र उत्थान का महायज्ञ है, जिसमें प्रत्येक वर्ग की सहभागिता और प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। राष्ट्र उत्थान के इस अभियान में सब साथ आयें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने गोरखपुर, उत्तरप्रदेश में आयोजित सेक्टर विस्तारक कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।

शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार को गोरखपुर में सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। सदस्यता अभियान की इस कार्यशाला के पूर्व चौहान दाउदपुर अनुसूचित जाति बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। जिसके पश्चात गोरखपुर क्लब में सदस्यता कार्यक्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की अपील की।

चौहान ने सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में राष्ट्र उत्थान के लिए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश की सेवा है। राष्ट्र उत्थान एवं विकास के हर लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हम एकजुट होकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान सामाजिक सरोकारों से जुड़ा अभियान है, इसलिए हम हर कार्यक्रम की शुरूआत पौधारोपण के साथ कर रहे हैं। उन्होंने पौधारोपण का आग्रह करते हुए कहा कि धरती पर जीवन की रक्षा के लिए पेड़-पौधे अवश्य लगायें। स्वस्थ व्यक्ति ही राष्ट्र के उत्थान में उचित भागीदारी निभाने में सफल होता है। इसलिए आपसे अनुरोध है कि जिम्मेदार नागरिक की भांति अधिक से अधिक पौधे लगाने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। आज भारतीय नागरिक दुनिया के किसी भी कोने में जाते हैं तो गर्व से सीना तानकर कहते हैं कि हम भारतीय हैं। हमारी भारतीय जनता पार्टी केवल चुनावी पार्टी नहीं है। हम भारत के नवनिर्माण का अभियान चला रहे हैं। इस अभियान में प्रत्येक नागरिक को हिस्सा लेना चाहिए जिसके लिए उसे भाजपा परिवार का हिस्सा बनना चाहिए।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment