युवाओं को धोखा देने वाली कमलनाथ सरकार का पुरजोर विरोध करेगा युवा मोर्चाः अभिलाष पांडे
खबर नेशन/Khabar Nation
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-कमलनाथ सरकार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने से मुकरी
भोपाल। बेरोजगारी भत्ते की आस लगाए प्रदेश के हजारों युवाओं को मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार ने बड़ा धोखा दिया है। विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं से इसके लिए वादा किया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री कमलनाथ कह रहे हैं कि फिलहाल इसका कोई प्लान नहीं है। युवा मोर्चा इस झूठी, फरेबी और युवाओं को धोखा देने वाली सरकार का पुरजोर विरोध करेगा। यह बात भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा राज्य विधानसभा में दिए गए उत्तर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
राज्य विधानसभा में मंगलवार को कांग्रेस विधायक मुन्नालाल गोयल द्वारा यह प्रश्न पूछा गया था कि क्या सरकार पंजीकृत बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने या उन्हें बेरोजगारी भत्ता देने की कोई नीति बना रही है ? इसके जवाब में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने साफ इंकार कर दिया। इसे प्रदेश के हजारों बेरोजगारों के साथ कांग्रेस का धोखा करार देते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य किसी भी तरह प्रदेश के नागरिकों, किसानों, युवाओं को बरगलाकर सत्ता हासिल करना था। अब जब कांग्रेस की सरकार बन गई है, तो यह सरकार एक-एक कर अपनी ही घोषणाओं से पल्ला झाड़ती जा रही है। पहले सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर प्रदेश के किसानों से धोखा किया, अब बेरोजगारी भत्ते से हाथ खींचकर युवाओं के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य विधानसभा में मुख्यमंत्री कमलनाथ का जवाब इसी धोखे की स्वीकारोक्ति है।
पांडे ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश के हजारों युवाओं के साथ कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार द्वारा किए गए छल को बर्दाश्त नहीं करेगा और प्रदेश सरकार का हर स्तर पर पुरजोर विरोध करेगा।