सत्ता में बने रहने के लिए अपनों के साथ ही अन्याय कर रही कांग्रेस सरकार: सिसोदिया
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में बने रहने के लिए कुछ भी करने को तैयार है। कमलनाथ सरकार अपनी सत्ता सलामत रखने के लिए हत्या के आरोपी विधायक पति को भी बचाने की जुगत कर रही है, जबकि उस पर जिस कांग्रेस नेता की हत्या का आरोप है, उसका परिवार न्याय के लिए अनशन करने पर मजबूर हो रहा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने बसपा विधायक रामबाई के पति की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को दमोह जिले के हटा में आयोजित बंद पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया की हत्या के मामले में पथरिया से बसपा विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह भी आरोपी हैं, जिनकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। हालांकि कुछ दिन पहले पुलिस ने इनाम की घोषणा वापस ले ली है।
राजपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस की लंगड़ी सरकार के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए बसपा विधायक रामबाई का समर्थन जरूरी है और संभवतः रामबाई का समर्थन पाने के लिए ही कमलनाथ सरकार उनके पति को हत्या के इस मामले से बचाने का प्रयास कर रही है। सत्ता के लोभ के चलते कमलनाथ सरकार यह भी भूल गई है कि विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह पर एक कांग्रेस नेता की ही हत्या का आरोप है। दिवंगत कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया के परिजनों ने सोमवार को रामबाई के पति गोविंद सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक दिवसीय अनशन भी किया था और परिवार के आह्वान पर मंगलवार को हटा बंद भी रहा। लेकिन कुर्सी बचाने के फेर में कमलनाथ सरकार अपनी पार्टी के ही लोगों और आम जनता की आवाज को भी अनसुना कर रही है।