सत्ता के मोह में हत्या के आरोपी को भी संरक्षण दे रही कमलनाथ सरकार: रामेश्वर शर्मा
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। प्रदेश की कांग्रेस सरकार का पूरी तरह नैतिक पतन हो चुका है। इस सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था तो चौपट हुई ही है, सरकार हत्या जैसे संगीन मामलों के आरोपियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। विधानसभा जैसे अति सुरक्षित क्षेत्र में फरार आरोपियों का देखा जाना सुरक्षा और राज्य पुलिस की कार्यक्षमता पर भी सवाल खड़े करता है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा ने बसपा विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह को विधानसभा परिसर में देखे जाने संबंधी समाचार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार अपने आपको बचाए रखने की जद्दोजहद में इतने नीचे गिर गई है कि अब वह जानते-बूझते हुए हत्या के आरोपियों को संरक्षण देने लगी है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश यह जानता है कि बसपा विधायक रामबाई के पति गोविंदसिंह हत्या के एक मामले में आरोपी हैं और फरार चल रहे हैं। उनके ऊपर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। लेकिन ऐसा आरोपी मुख्यमंत्री, गृहमंत्री की मौजूदगी में विधानसभा परिसर में घूमता रहा और किसी को नजर नहीं आया।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह संभव ही नहीं है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर कोई अपराधी या फरार आरोपी विधानसभा परिसर तक पहुंच जाए। निश्चित रूप से सरकार और प्रशासन के इशारे पर विधानसभा परिसर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने अपनी आंखें बंद कर रखी हैं। शर्मा ने कहा कि बसपा विधायक रामबाई का समर्थन सरकार को मिलता रहे, इसी लालच में सरकार हत्या के आरोपी उनके पति को संरक्षण प्रदान कर रही है।