देश को आगे बढ़ाने, मजबूत करने का अभियान है हमारा संगठन पर्वः कैलाश विजयवर्गीय

राजनीति Jul 07, 2019

राष्ट्रीय महासचिव ने राजधानी भोपाल में किया सदस्यता अभियान का शुभारंभ

खबर नेशन/Khabar Nation   

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मजबूत होगी तो देश मजबूत होगा, क्योंकि हमारा नारा‘ नेशन फर्स्ट’ है। देश को आगे बढ़ाना है, तो हमें भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करना होगा। सदस्यता अभियान भारत को आगे बढ़ाने का अभियान है। देश को मजबूत करने का अभियान है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को राजधानी भोपाल में संगठन पर्व सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए कही। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सदस्यता प्रभारी अरविन्द भदौरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत, जिलाध्यक्ष विकास विरानी, पूर्व विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह, ध्रुवनारायण सिंह, सुरजीत सिंह चौहान, श्री कृष्णमोहन सोनी, अनिल अग्रवाल, रविन्द्र यति आदि मंचासीन थे।

डॉ. मुखर्जी ने दिया देश की अखण्डता के लिए पहला बलिदान

राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बंगाल के लिए लड़ाई लड़ी थी। बंगाल अगर देश से अलग होने से बचा है तो उसका एकमात्र कारण डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने तुष्टिकरण की राजनीति कभी नहीं की, लेकिन कांग्रेस ने तुष्टिकरण की नीतियां अपनायी। जब सरदार पटेल देश के एकीकरण का काम कर रहे थे, तो नेहरू जी ने हस्तक्षेप कर कश्मीर का मामला अपने हाथों में ले लिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या का एकमात्र कारण कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति और पं. नेहरू हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि कश्मीर को लेकर डॉ. मुखर्जी ने आंदोलन किए और‘ एक देश में दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया। आजाद भारत में अगर देश की अखण्डता के लिए किसी ने अपना बलिदान दिया है, तो वह डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हैं।

पांच करोड़ के लक्ष्य तक पहुंचेगा अभियान

विजयवर्गीय ने सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि विशेष सदस्यता अभियान में कुल सदस्यता के 10 प्रतिशत सदस्य हमें बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है और हमें जनता का अपार समर्थन मिला है, जिससे देश भर में सदस्यता का लक्ष्य 5 करोड़ के पार हो जायेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सर्वव्यापी बनाने के लिए हमारे कार्यकर्ता हर बूथ पर पहुंचकर सदस्य बनाएं। हर वर्ग में हमारे कार्यकर्ताओं की टीम पहुंचे और उन्हें पार्टी से जोड़ने का काम करे।

बड़े-बड़े नेताओं को हार का स्वाद चखा दिया

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घनघोर परिश्रम किया और प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दिलाई। प्रदेश में अपनी सत्ता रहते हुए जितनी सीटें हम नहीं जीत पाए थे,  उससे ज्यादा सीटें विपक्ष में रहते हुए हमने कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बूते जीतीं। चुनाव के दौरान भोपाल की सीट सुर्खियों में थी, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने बड़े नेताओं को भी हार का स्वाद चखा दिया। कमलनाथ भी अपने बेटे की सीट मुश्किल से बचा पाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिन बूथों पर हमें कम वोट मिले हैं, उन बूथों पर प्रभावी सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी को मजबूत करें।

Share:


Related Articles


Leave a Comment