कांग्रेस के प्रलोभन को दरकिनार कर किसानों ने जताया भाजपा पर विश्वास: राकेश सिंह
किसान मोर्चा की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- अन्नदाता को पार्टी से जोड़ें मोर्चा कार्यकर्ता
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने किसानों को कई प्रलोभन दिए, लेकिन देश के अन्नदाता ने इनको दरकिनार करते हुए भारतीय जनता पार्टी और श्री नरेन्द्र मोदी का साथ दिया। अन्नदाता के उसी विश्वास के बलबूते पर भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में विराट विजय मिली है। यह किसान मोर्चा के लिए अनुकूलता का समय है। इस अनुकूलता का लाभ लेते हुए किसान मोर्चा अन्नदाता को सदस्यता अभियान के माध्यम से भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करें। सदस्यता अभियान हमारे वैचारिक अधिष्ठान का संकल्प है। यह बात प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने गुरूवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही।
सदस्यता अभियान की तैयारियों को लेकर गुरूवार को किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं महामंत्रियों एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्यां की प्रादेशिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अरविन्द भदौरिया और मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत आदि नेतागण मंचासीन थे।
सदस्यता के बीज से ही कर्मठ कार्यकर्ता रूपी वृक्ष बनेंगे
राकेश सिंह ने कहा कि किसानों के लिए खेती में जितना अधिक महत्व बोवनी का होता है, उसी तरह भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान बीजारोपण की शुरूआत है। सदस्यता अभियान में हम जो बीजारोपण करेंगे, उन्हीं बीजों में से वृक्षों के रूप में कर्मठ कार्यकर्ता तैयार होंगे। उन्होंने किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं से 10 लाख नए सदस्य बनाने के लक्ष्य के लिए जुट जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए मोर्चा जो रचना तैयार करे, उस रचना को प्रत्येक मतदान केन्द्र तक क्रियान्वित करें।
पांच पेड़ लगाकर करें अभियान की शुरूआत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ वोट की राजनीति नहीं करती है। समाज में नया संदेश देने और जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न विषयों को हम समाज में लाने का काम करते है। उन्होंने पंचवटी (पांच पेड़) लगाकर प्रत्येक बूथ पर सदस्यता अभियान की शुरूआत करने की बात कही। उन्होंने आने वाले वर्षाकाल में जल संरक्षण को लेकर सदस्यता अभियान के साथ अपने-अपने गांव में मुहिम चलाने की बात भी कही।
खेत, खलिहान और चौपाल तक पहुंचे सदस्यता अभियान
सदस्यता अभियान के प्रभारी अरविन्द भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में परिवर्तन आया है। हर आदमी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने के लिए आतुर है। जरूरत उस तक पहुंचने भर की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव मे जिन बूथों पर हमें कम वोट मिले, वहां पर प्रभावी सदस्यता अभियान चलाया जाए, ताकि हमारा हर बूथ मजबूत हो। उन्होंने 6 जुलाई से प्रारंभ होने वाले सदस्यता अभियान को भव्य रूप देने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेत, खलिहान, किसान, बाजार, और चौपाल हर जगह पहुंचकर किसानों को जोड़ने का काम करें। अभियान के सह प्रभारी डॉ. कैलाश जाटवा एवं पंकज जोशी ने भी संबोधित करते हुए सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की बात कही।
1 अगस्त से होगा विशेष सदस्यता अभियान
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत ने कहा कि सदस्यता अभियान में कोई किसान न छूटे इस बात पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि 13 एवं 14 जुलाई को जिला स्तरीय बैठक एवं 21 से 23 जुलाई के बीच मंडलवार बैठकें आयोजित होंगी। किसान मोर्चा 1 अगस्त को विशेष सदस्यता अभियान चलाकर 10 लाख सदस्य बनायेगा। आईटी विभाग के संयोजक शिवराज सिंह डाबी ने ऑनलाइन सदस्यता अभियान का प्रजेंटेशन दिया। इस अवसर पर मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान प्रभारी वीरेन्द्र सिंह राणा, प्रदेश महामंत्री द्वय विनोद सिंह जादौन, कैलाश पाटीदार, उपस्थित थे। मंच संचालन कृष्णचन्द्र यादव एवं आभार दयाराम धाकड़ ने माना।