केंद्र सरकार के फैसले से मिलेगी किसानों की आय दोगुनी करने में मदद: राकेश सिंह
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल. खरीफ फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने का केंद्र सरकार का फैसला स्वागत योग्य है। सरकार के इस फैसले से किसानों को उनकी मेहनत का वाजिब मूल्य मिलेगा और उनकी आय को दोगुनी करने में मदद मिलेगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
राकेश सिंह ने कहा कि बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में धान, ज्वार, रागी, मूंग, उड़द, सोयाबीन आदि खरीफ की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने का फैसला किया गया है। सरकार के इस फैसले से किसानों को खरीफ फसलों का लाभकारी मूल्य मिल सकेगा। सिंह ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए इस निर्णय के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि किसानों की बेहतरी प्रधानमंत्री श्री मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रही है। इसी से प्रेरित होकर उन्होंने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना किए जाने का लक्ष्य तय किया है।
राकेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जिस तेजी और दृढ़ता के साथ किसानों के हित में फैसले रही है, योजनाएं लागू कर रही है, उसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि मोदी सरकार किसानों की आय को दोगुनी करने में अवश्य सफलता हासिल करेगी।