बजट से विकसित भारत का सपना साकार होगा तथा शहर व गांव के बीच की दूरी समाप्त होगी: सांसद लालवानी

राजनीति Jul 05, 2019

खबर नेशन/Khabar Nation  

इंदौर. सांसद शंकर लालवानी ने आज संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को देश के नव निर्माण और सर्वांगीण प्रगति का बजट बताया है।

लालवानी ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में आम नागरिकों को 45 लाख रुपए तक की कीमत का घर खरीदने पर डेढ़ लाख रुपए के अतिरिक्त ब्याज पर कर से मुक्ति दी गई है। अब तक 3.50 लाख रु तक के ब्याज पर टैक्स नहीं लगता था लेकिन अब इस घोषणा के बाद यह सीमा 5 लाख रु तक बढ़ गई है। इस बजट में सरकार के द्वारा अगले 5 साल में देश में अधोसंरचना के विकास पर 100 लाख करोड़ खर्च करने का ऐलान किया गया है। इससे विकसित भारत का सपना साकार होगा और शहर तथा गांव के बीच की दूरी समाप्त हो जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र भी शहर की तरह ही विकसित और सुविधा संपन्न हो सकेंगे।

इस बजट में अगले 5 वर्षों में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत 1.25 लाख किलोमीटर सड़क के निर्माण की घोषणा की गई है। इसके साथ ही देश के हर नागरिक के अपने घर के सपने को साकार करने के लिए वर्ष 2022 तक 1.95 करोड़ मकानों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा अब तक जिस विकसित भारत का सपना देश के नागरिकों को दिखाया जा रहा था, वह सपना किस तरह साकार होगा उसकी झलक इस बजट में साफ़ देखी जा सकती है। यह बजट देश की प्रगति के नए द्वार खोलेगा और विकासशील भारत को विकसित भारत के रूप में परिवर्तित करेगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment