हर बूथ पर 50 फीसदी मतदाताओं का समर्थन हासिल करना हमारा लक्ष्य: सुहास भगत

राजनीति Jul 05, 2019

प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा- पिछड़ा वर्ग मोर्चा हर बूथ पर बनाए 100 सदस्य

खबर नेशन/Khabar nation   

भोपाल। लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 50 प्रतिशत वोट हासिल करने की रणनीति तैयार की थी, जिसके कारण हमें उत्तरप्रदेश जैसे राज्य में जहां गठबंधन की राजनीति चल रही थी, वहां भी भरपूर वोट मिले और पार्टी ने विराट विजय हासिल की। देश के 17 प्रदेश ऐसे हैं, जिनमें हमें 50 प्रतिशत वोट मिले और कांग्रेस शून्य पर रही। हमारी यह यात्रा और सफलता ऐतिहासिक है, लेकिन यह सर्वोच्च नहीं है। सर्वोच्च तब होगा जब हम भारत को जगतगुरू बना देंगे। देश के हर कोने में समानता और समरसता की बात पहुंचेगी और इसके लिए हमें हर पोलिंग बूथ पर 50 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन हासिल करना होगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक में कही।

सदस्यता अभियान को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पिछडा वर्ग मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रदेश सदस्यता प्रभारी अरविन्द भदौरिया, सह प्रभारी डॉ. कैलाश जाटवा, मोर्चा के प्रभारी, सांसद गंगाचरण राजपूत, सह प्रभारी मधु साहू, पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, महामंत्री शैतानसिंह पाल मंचासीन थे।

साल भर, लगातार काम करती है भाजपा

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री भगत ने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा दल है, जो बारह महीने और पूरे पांच वर्ष लगातार सक्रियता के साथ काम करती है, जबकि कुछ दल चुनाव के कुछ माह पहले ही जागते हैं और कार्यक्रम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी की सफलता में कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। जीत को बरकरार और उसे आगे ले जाने में पार्टी कार्यकर्ता हमेशा परिश्रम की पराकाष्ठा करते हैं और यही कारण है कि हम सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन का विस्तार करते हैं।

सक्रियता से जुट जाए पिछड़ा वर्ग मोर्चा

संगठन महामंत्री भगत ने कहा कि 6 जुलाई को वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संगठन पर्व सदस्यता अभियान की शुरूआत करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय नेता और प्रदेश के नेता अलग-अलग स्थानों पर इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के शुभारंभ के साथ ही पिछड़ा वर्ग मोर्चा सदस्यता अभियान में पूरी तैयारी और सक्रियता के साथ जुट जाए। प्रयास यह होना चाहिए कि हर बूथ पर कम से कम 100 प्राथमिक सदस्य बनाए जाएं।

वैचारिक पंरपरा को बढ़ाने का जरिया सदस्यता अभियान

सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अरविन्द भदौरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित दल है। राष्ट्रवाद हमारी विचारधारा है। सदस्यता अभियान के माध्यम से हम वैचारिक परंपरा को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 की विराट विजय में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थकों का महत्वपूर्ण योगदान है। जिन लोगों ने हमें समर्थन दिया है,  उन्हें सदस्यता अभियान के माध्यम से अपनी विचारधारा से जोड़ने का काम करें। उन्होंने 6 जुलाई को शुभारंभ होने वाले सदस्यता अभियान को सफल बनाने की बात कही। आईटी विभाग के संयोजक शिवराज सिंह डाबी ने ऑनलाइन सदस्यता अभियान का प्रेजेंटेशन दिया।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment