अपने पराक्रम और परिश्रम से सदस्यता अभियान को सफल बनाएं मोर्चा की बहनें: शिवराजसिंह चौहान
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की विजय विपक्षी दलों को हजम नही हो रही है। यह विजय अभूतपूर्व है लेकिन भाजपा के लिए सर्वोत्तम आना अभी बाकी है। हमारा सर्वोत्तम तब होगा जब हम केरल, आंध्र, तेलंगाना, उड़ीसा और बंगाल जैसे राज्यों में अपनी सरकार बनाएंगे। जब कश्मीर से कन्या कुमारी तक भाजपा का ध्वज लहराएगा। हमें सदस्यता अभियान को संगठन पर्व के रूप में मनाकर पार्टी का विस्तार करना है। मोर्चा की बहनों को अपने पराक्रम और परिश्रम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर नये सदस्य जोड़ना है। यह बात बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने महिला मोर्चा की बैठक के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सर्वव्यापी भाजपा, सर्वस्पर्शी भाजपा बनाने के लिए कलाकार, खिलाड़ी, साहित्यकार, समाजसेवी, अपने-अपने क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली बहनें, व्यवसाय एवं सरकार की योजनाओं से लाभार्थी बहनों को पार्टी में जोडकर संगठन का विस्तार करना है।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सदस्यता प्रभारी डॉ. अरविन्द भदौरिया ने कहा कि महिला मोर्चा पिछली बार की तरह इस बार भी सदस्यता अभियान में रिकार्ड बनायेगा। सदस्यता अभियान को पर्व के रूप में लेकर मोर्चा की बहनों को पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुचानें का काम करना है। इससे पार्टी का विचार हर वर्ग तक पहुचेगा। यह सदस्यता अभियान नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की तैयारी का हिस्सा है।
बैठक को प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश सह प्रभारी पंकज जोशी ने संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान संगठन के विस्तार के लिए है और हमें यह ध्यान रखना है कि इस अभियान में कोई समाज, कोई वर्ग और कोई क्षेत्र छूट न जाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव मे जिन बूथों पर हमें असफलता मिली है, उन बूथों को सदस्यता अभियान के माध्यम से मजबूत बनाना है।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बहनों को सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी को सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी बनाना है। जिन वर्गों और समाजों में पार्टी नहीं पहुची है वहां पर बहनों को ज्यादा ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश में 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा करने में प्राणपण से जुट जाए। 6 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहे सदस्यता अभियान में समाज के हर तबके की महिलाओं को जोड़कर पार्टी के आंचल में लाना है।
पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं मोर्चा की प्रदेश प्रभारी व विधायक कृष्णा गौर ने कहा कि बहनें अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक सहित हर वर्ग के लोगों से मिलें और अपनी बात रखकर उन्हें पार्टी से जोड़ें, जिससे पार्टी संगठन का विस्तार हो सके। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान हमारे लिए कमजोर बूथ को मजबूत बनाने का मौका है। उन्होंने मोर्चा की बहनों से अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक जुट जाने का आव्हान किया।
ऑनलाइन सदस्यता को लेकर आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक शिवराजसिंह डाबी ने प्रजेन्टेशन दिया। मंच का संचालन सुषमा जैन ने किया
इस अवसर पर सदस्यता अभियान के सह प्रभारी डॉ. कैलाश जाटवा, मोर्चा की पदाधिकारी माया नरोलिया, ममता भदौरिया, सुमन शर्मा, शबनम खान, आशा सेंगर, ज्योति दुबे, भावना सिंह, सीमा सिंह, उषा चतुर्वेदी, सरिता देशपाण्डे, कृष्णकांता तोमर सहित मोर्चा की पदाधिकारी बहनें उपस्थित थीं।