प्रदेश सरकार एमबीबीएस की फीस दोगुना कर गरीब छात्रों के साथ अन्याय कर रही: विष्णुदत्त शर्मा
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। कमलनाथ सरकार द्वारा प्रदेश के मेडीकल कालेजों में एमबीबीएस कोर्स की फीस दोगुना कर गरीब छात्रों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी मेडीकल कालेजों की फीस वृद्धि करके कमलनाथ सरकार एक ओर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर होनहार गरीब छात्रों का हक भी मार रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश सरकार द्वारा 13 सरकारी मेडीकल कालेजों की सालाना फीस 50 हजार रूपए से 1 लाख रूपए किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गरीब तबके के विद्यार्थी आर्थिक स्थिति मजबूत न होने के कारण बडे निजी संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पाते और इसलिए सरकार सरकारी कालेजों में वही शिक्षा कम फीस में उन्हें देने का काम करती है, लेकिन कांग्रेस सरकार 13 सरकारी मेडीकल कालेजों की फीस महंगी कर गरीब छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि शिवराज सरकार के समय एमबीबीएस कोर्स में एक साल की फीस 50 हजार हुआ करती थी, जिसे कमलनाथ सरकार ने बढ़ाकर 1 लाख कर दिया है।
उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार ने अभिभावकों पर पड़ने वाले शिक्षा के बोझ को कम करने का काम किया। गरीब तबके के छात्र उच्च शिक्षा प्राप्त कर सके, इसके लिए सरकारी कालेजों में सस्ती शिक्षा देने के प्रावधान बनाए। प्रदेश में नए मेडीकल कालेजों की स्थापना की, ताकि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी उच्च शिक्षा ग्रहण कर प्रदेश के विकास में सहयोग करे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ से एमबीबीएस कोर्स की सालाना फीस को यथावथ रखने की मांग की।