सदस्यता अभियान संगठन को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाने का माध्यम: गोपाल भार्गव
खबर नेशन/Khabar Nation
सागर जिला बैठक में शामिल हुए नेताप्रतिपक्ष
सागर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिस तरह अपनी पार्टी से पीछा छुड़ा रहे हैं और वह बार-बार हार की जिम्मेदारी को लेकर बड़े नेताओं से इस्तीफा देने की बात कह रहे हैं। लेकिन उनके नेता उनकी बात को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। यह कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा दल है जिसका आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है और यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी का बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाता है। भारतीय जनता पार्टी के इसी आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत रखने का माध्यम सदस्यता अभियान है। यह सदस्यता अभियान संगठन को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाने का माध्यम है। यह बात मध्यप्रदेश विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सागर में आयोजित जिला बैठक में कही।
शनिवार को सागर के पार्टी कार्यालय में सदस्यता अभियान को लेकर जिला बैठक संपन्न हुई। बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेताप्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता अभियान के प्रदेश के सह प्रभारी पंकज जोशी, सांसद राजबहादुर सिंह, जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, विधायक शैलेन्द्र जैन विशेष रूप से उपस्थित थे। गोपाल भार्गव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व है। सदस्यता अभियान को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाना है, जिससे भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों के बीच पहुंच सके।
कमलनाथ सरकार दिन काट रही है
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कमलनाथ सरकार अंतरविरोधों से घिरी हुई सरकार है। उनकी सरकार के मंत्री खुले रूप से अपनी पीड़ा बयां कर रहे हैं कि उनकी मुख्यमंत्री और अधिकारी नहीं सुनते। कैबिनेट की बैठक में विवाद होना आम बात हो गई है। रोजाना मंत्रियों के असंतुष्ट और नाराजगी मीडिया के माध्यम से सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि अंतरविरोध और कमलनाथ सरकार दोनों ही एक-दूसरे के पूरक हैं। यह सरकार वेंटीलेटर पर है। कब यह गिर जाए इसका भरोसा नहीं है।
सदस्यता अभियान कमजोर बूथों को मजबूत बनाने का मौका
उन्होंने कहा कि हर पराजय के बाद कांग्रेस का छोटे दलों के रूप में बिखर जाती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा दल है जो कभी नहीं बिखरती बल्कि पुनः खड़ी हो जाती है। उन्होंने सदस्यता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान हमारे लिए कमजोर बूथ को मजबूत बनाने और जहां पार्टी मजबूत नहीं है, उसे मजबूत करने का मौका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक जुट जाने का आव्हान किया। इस अवसर पर जिला सदस्यता प्रभारी जाहर सिंह, सहप्रभारी शैलेष केशरवानी, लक्ष्मण सिंह, सुशील तिवारी, राजेन्द्र जारोलिया, अनुराग प्यासी, वैभवराज कुकरेले, शैलेष केशरवानी, तेजी सिंह राजपूत, डॉ. सुखदेव मिश्रा, शैलेन्द्र ठाकुर,सहित उपस्थित थे।