कांग्रेस सरकार में दिखावा बन कर रह गई सीएम हेल्पलाइन: कृष्णा गौर

राजनीति Jun 30, 2019

खबर नेशन/Khabar Nation  

भोपाल। प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार आई है, सीएम हेल्पलाइन एक दिखावा बनकर रह गई है। इसके प्रति न कमलनाथ सरकार की रुचि है, न ही अफसरों को इससे कुछ लेना-देना। नतीजा यह है कि हेल्पलाइन पर शिकायतों का अंबार लगता जा रहा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री, विधायक कृष्णा गौर ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के बारे में प्रकाशित समाचार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

गौर ने कहा कि 2014 में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में से एक थी, जिसने लाखों लोगों को समस्याओं से छुटकारा दिलाया, सरकारी दफ्तरों और बाबुओं के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाई। लेकिन कमलनाथ सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। सरकार तबादलों में व्यस्त है और तबादलों की इस भूख ने पूरे प्रशासनिक तंत्र को तहस-नहस कर दिया है। यही वजह है कि कमलनाथ सरकार के 7 महीनों के कार्यकाल में सीएम हेल्पलाइन में लगभग 3 लाख शिकायतें लंबित हो गई हैं, जिनका निराकरण होना है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि सीएम हेल्पलाइन से सभी विभागों को संबंधित शिकायतों पर ध्यान देने के लिए पत्र लिखा गया है। 

गौर ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस लोकप्रिय योजना की दुर्गति नहीं होने देगी और यदि सरकार ने इसे लेकर अपना रवैया नहीं बदला, तो पार्टी जनता के साथ खड़ी होकर संघर्ष करने के लिए तैयार है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment