सर्वोच्च को हासिल करने सदस्यता अभियान में जुट जाएं पार्टीजन: शिवराजसिंह चौहान
सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी ने कहा- सदस्यता संगठन के विस्तार का आधार
खबर नेशन/Khabar Nation
भोपाल। लोकसभा चुनाव के परिणाम अभूतपूर्व रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपार लोकप्रियता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अचूक रणनीति के दम पर भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया है। लेकिन हमारे नेताओं का मानना है कि यह हमारा सर्वोच्च नहीं है। सर्वोच्च को हासिल करने के लिए हमें संगठन का विस्तार करना होगा और उसका एक ही तरीका है पार्टी की सदस्यता बढ़ाना। इसलिए आप सब सर्वोच्च को हासिल करने के लिए सदस्यता अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं। यह बात शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता अभियान की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पार्टी के उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराजसिंह चौहान ने कही।
भाजपा और अन्य दलों में गहरा फर्क
बैठक को संबोधित करते हुए शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और अन्य दलों के बीच गहरा फर्क है। लोकसभा चुनाव के बाद जिन दलों को अपने संगठन को दुरुस्त करना था, वो गहरी नींद में सो गए हैं। लेकिन अपार सफलता के बावजूद भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व संतुष्ट नहीं है और हमारा नेतृत्व यह महसूस करता है कि पार्टी का सर्वोच्च अभी बाकी है। सर्वोच्च का अर्थ है पार्टी का उन राज्यों तक विस्तार जहां अभी हमारी उपस्थिति कमजोर है। हमारा सर्वोच्च तब हासिल होगा तेलंगाना, केरल, उड़ीसा, प. बंगाल सहित उन राज्यों में हमारी सरकारें बनेंगी, जहां अभी हम सत्ता में नहीं हैं। सर्वोच्च का मतलब है पूरे देश में भाजपा का ध्वज लहराना। इसके लिए संगठन का विस्तार जरूरी है।
संगठन के विस्तार का आधार सदस्यता
चौहान ने कहा कि संगठन के विस्तार का आधार सदस्यता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारी सरकार का लक्ष्य सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है, उसी तरह पार्टी का मूलमंत्र सर्वव्यापी भाजपा, सर्वस्पर्शी भाजपा है। सर्वस्पर्शी का मतलब है- हम किसी वर्ग को नहीं छोड़ेंगे, सभी को भाजपा से जोड़ेंगे। चौहान ने कहा कि भाजपा सबकी पार्टी है। हम अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक आदि हर वर्ग के लोगों से मिलेंगे और अपनी बात रखकर उन्हें पार्टी से जोड़ेंगे। सर्वव्यापी का अर्थ है-हम किसी क्षेत्र को नहीं छोड़ेंगे। सदस्यता अभियान में हर क्षेत्र को कवर करेंगे, हर बूथ पर काम करेंगे।
चौहान ने कहा कि मेरी इच्छा है कि सदस्यता अभियान में भोपाल में पूरे देश का रिकॉर्ड दे और यह तभी संभव है जब आप लोग व्यवस्थित तैयारी के साथ अभियान को चलाएं। चौहान ने उपस्थित पार्टीजनों को भोपाल में सदस्यता का नया रिकॉर्ड बनाने का संकल्प भी दिलाया।
संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो नारे को साकार करें
सांसद साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर ने कहा कि सदस्यता अभियान संगठन को गढ़ने का एक माध्यम है। हर कार्यकर्ता को सदस्यता अभियान में संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो इस नारे को साकार करना है। उन्हांने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराज सिंह चौहान को आश्वस्त करते हुए कहा कि हम भोपाल जिला को दिए गए लक्ष्य से आगे बढ़ाकर भोपाल भाजपा को एक नई ऊंचाई तक ले जाएंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष, विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी और समावेशी हो इसके लिए हमें समाज के हर वर्ग को सदस्यता अभियान से जोड़ना है। यह सदस्यता अभियान भारतीय जनता पार्टी के हरएक कार्यकर्ता के लिए संगठन पर्व है, जिसमें हमारी भागीदारी महत्वपूर्ण है। जिला अध्यक्ष श्री विकास विरानी ने कहा कि भोपाल जिला द्वारा सदस्यता का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उसे पूरा करने के लिए बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय टोलियां तैयार हैं। व्यापक स्तर पर अभियान को सफल बनाने के लिए भोपाल जिला प्रत्येक बूथ की मतदाता संख्या का 10 प्रतिशत सदस्यता अनिवार्य करेंगे।
ये थे मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री व विधायक कृष्णा गौर, पूर्व सांसद आलोक संजर, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सुरजीत सिंह चौहान, शिवराज सिंह डाबी, भगवानदास सबनानी, वंदना जाचक, सत्येन्द्रसिंह, बालिस्ता रावत, डॉ. सत्येंद्र मिश्रा सहित मंडल के समस्त अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं मंडल सदस्यता प्रभारी एवं सहप्रभारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला सदस्यता प्रभारी कृष्णमोहन सोनी एवं आभार जिला सदस्यता सह प्रभारी रवीन्द्र यति ने किया।