सदस्यता अभियान के माध्यम से खिलाड़ियों को पार्टी से जोड़ें खेल प्रकोष्ठ: सुहास भगत

राजनीति Jun 30, 2019

खेल प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न 

खबर नेशन/Khabar Nation  

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी कोई भी ऐसा वर्ग या समूह नहीं छोड़ना चाहती है, जिस तक पार्टी की पहुंच न हो। इस दृष्टि से विशेष सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी और समावेशी है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग और विभिन्न आयामों में काम करने वाले लोगों को जोड़ना है। खेल प्रकोष्ठ राष्ट्रीय और प्रदेश के खिलाड़ियों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में खेल प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति में कही। 

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में रविवार को सदस्यता अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी खेल प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के संगठन महामंत्री सुहास भगत एवं प्रदेश संयोजक विशाल राजौरिया ने संबोधित करते हुए सदस्यता अभियान की तैयारियों को लेकर प्रकोष्ठ की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।  

सुहास भगत ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रकोष्ठ प्रत्येक जिले में निवास करने वाले राष्ट्रीय, प्रादेशिक और स्थानीय खिलाड़ियों को सूची तैयार कर उन्हें सदस्यता अभियान के माध्यम से जोड़ें। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले कबड्डी, तीरंदाजी, कुश्ती जैसे परम्परागत खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के अलग-अलग खेलों का प्रचलन है। खेल प्रकोष्ठ आधुनिक खेलों के साथ परंपरागत भारतीय खेलों को भी प्रतियोगिताएं आयोजित करवाएं, जिससे पुरातन खेल पुनर्जीवित होंगे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में खेलों को बढ़ावा दिया गया और खिलाड़ियों को विशेष सुविधाएं दी गईं। यह पहली बार हुआ है कि अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारतीय खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया है। अलग-अलग विधाओं में भारत ने मेडल जीते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए शिवराज सरकार ने विधानसभा स्तर पर खेल स्टेडियम की सौगात देने के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का काम किया है। 

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी के नेतृत्व में देश सुखी, समृद्ध और समृद्धशाली बना है। पहली बार भारत के स्वाभिमान और ताकत को दुनिया समझी है और भारतवासी इसे जानते हैं और इसलिए भारतीय जनता पार्टी से समाज के हर वर्ग को जोड़ना हमारे लिए कठिन काम नहीं है। उनके पास हमारे पहुंचने की देरी है। समाज का हर वर्ग भाजपा से जुड़ने के लिए आतुर बैठा है। उन्होंने सदस्यता अभियान में विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों और प्रभावी लोगों को सदस्य बनाए जाने की बात कही।  

प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विशाल राजौरिया ने बताया कि प्रकोष्ठ सदस्यता अभियान के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर खेल मैदानों में पहुंचकर खिलाड़ियों को पार्टी से जोड़ने का काम करेगा। जिला केंद्रों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होगी। उन्होंने बताया प्रकोष्ठ सदस्यता अभियान के दौरान खेल जगत से जुड़े पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में खिलाड़ियों को जोड़ेंगे। बैठक का संचालन शुगरसिंह पवैया, अजय किरनानी एवं आभार आलोक भार्गव ने किया। बैठक में पंकज पांडे, रूद्र प्रताप सिंह, राजेन्द्र सिंह सहित प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी जिला संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपस्थित थे। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment