मुस्लिम महिलाओं को शोषण से मुक्ति दिलाएगा नया तीन तलाक बिल: सनवर पटेल

राजनीति Jun 23, 2019

खबर नेशन/Khabar nation  

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत किया गया मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक-2019 मुस्लिम महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए लाया गया है। यह कानून बन जाने पर देश की मुस्लिम महिलाओं को वैवाहिक जीवन की अनिश्चितता एवं शोषण से मुक्ति दिलाएगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनवर पटेल ने केंद्र सरकार द्वारा नया तीन तलाक बिल शनिवार को लोकसभा में प्रस्तुत किए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए कही।

सनवर पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार मुस्लिम महिलाओं की बेहतरी के लिए कटिबद्ध हैं। एनडीए की केंद्र सरकार जहां एक तरफ मुस्लिम युवतियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने वाली योजनाएं लाई है, तो दूसरी तरफ विवाह के बाद उनका जीवन अनिश्चितता, अन्याय और शोषण का शिकार न बन जाए, इसके उपाय भी कर रही है। मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण विधेयक-2019 इसका प्रमाण है।

सनवर पटेल ने कहा कि इस विधेयक लोकसभा में फिर से प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी एवं कानून मंत्री श्री रविशंकर प्रसाद बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस विधेयक पर लोकसभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस समेत ऐसे तमाम चेहरे बेनकाब हो गए हैं, जो महिलाओं के अधिकार और उनके हितों की बातें तो करते हैं, लेकिन जब महिलाओं के लिए कुछ करने की बारी आती है, तो वोट बैंक के तकाजों के सामने नतमस्तक हो जाते हैं। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment