’अपराधी है निरंकुश, मजलूमों पर हो रहे जुल्म: भाजपा’

राजनीति Apr 24, 2019

’दलित युवक संजू की पुलिस हिरासत पर मौत की मजिस्ट्रियल जांच की मांग को लेकर रहवासियों ने थाने का घेराव किया’

’भाजपा नेताओं ने ज्ञापन सौप कर दोषी पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रूपये मुआवजा देने की भी मांग की।

खबरनेशन/Khabarnation  

इंदौर, भाजपा नेता मधु वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष नानूराम कुमावत, जयदीप जैन, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा, भगवानसिंह चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामस्वरूप गेहलोद के नेतृत्व में गांधी नगर के रहवासियों ने चोरी की शंका में हिरासत में लिए गए दलित युवक संजय उर्फ संजू पिता हिंदूसिंह की पुलिस हिरासत में मौत हो जाने के बाद गांधी नगर थाने का घेराव किया। भाजपा नेताओं ने ज्ञापन सौपकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार 1 करोड़ रूपये मुआवजा दे यह मांग भी की। 

नेताओं ने बताया कि जब से मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से अपराधों का ग्राफ बढ़ गया है, सौ दिन में साढ़े चार सौ से अधिक गंभीर अपराध पूरे प्रदेश में हुए है लेकिन प्रदेश की सरकार और मुख्यमंत्री कमलनाथ तबादला उद्योग में व्यस्त है, अपराधियों पर अंकुश लगाने के बजाय प्रशासन निर्दोषों, मजलूमों, दलितों पर सरकार जुल्म कर रही है। कांग्रेस के तबादला उद्योग के चलते पुलिस प्रशासन में अस्थिरता व अराजकता का माहौल है, पुलिसकर्मी खुद कानून हाथ मे लेकर मानव अधिकारों का उल्लंघन कर रहे है, अपराधियों पर नकेल कसने के बजाय निर्दोषों को जेलों में ठूस रहे है, जिसके चलते मध्यप्रदेश अपराधों में नंबर वन प्रदेश बन गया है। भाजपा दलितों, पीड़ितों और निर्दोषों के साथ किसी भी हाल में अन्याय नही होने देगी।   

नेताओ ने बताया कि रिंजलाय, गांधीनगर पुलिस थाने क्षेत्र के निवासी संजय उर्फ संजू  और उसकी 60 वर्षीय माताजी नंदीबाई को चोरी की शंका में थाना क्षेत्र के 4 जवानों और महिला पुलिस कर्मियों ने सुबह 10 बजे गिरफ्तार किया था, उसके बाद पुलिस कस्टडी में युवक और उसकी माँ को पुलिसकर्मी बेरहमी से पीटते रहे। रात्रि 9 बजे संजू की पुलिस हिरासत में ही मौत हो गयी, इस घटना से सहमे पुलिसकर्मी मृत अवस्था मे संजू को एमवाय हॉस्पिटल ले गए। आज दोपहर रहवासियों के साथ भाजपा नेताओं ने उक्त घटनाक्रम की मजिस्ट्रियल जांच और दोषी पुलिस कर्मियों के निलंबन की मांग को लेकर गांधीनगर थाने का घेराव किया। 

घेराव स्थल पर पहुँची एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने नेताओ व रहवासियों की मांग पर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए साथ ही चार पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया है। 

’विधायक उषा ठाकुर से चर्चा उपरांत कलेक्टर ने पीड़ित परिवार को 4.30 लाख की आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया’

महू विधायक उषा ठाकुर ने कलेक्टर लोकेश जाटव से फ़ोन पर उक्त घटनाक्रम पर  मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद देने व मृतक की माँ नंदीबाई के उचित चिकित्सीय सुविधा देने की बात कही, जिस पर कलेक्टर लोकेश जाटव ने 4.30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के साथ साथ नंदीबाई के इलाज का खर्च शासन द्वारा वहन करने का आश्वासन दिया है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment