कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार, मारामारी और हाहाकार मचा हैः शिवराजसिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री ने बालाघाट में कहा- झूठ के ढिंढोरे पीट रही कांग्रेस
खबरनेशन/Khabarnation
बालाघाट। कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार, मारामारी और हाहाकार मचा हुआ है। इन्होंने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। जब ये केंद्र सरकार में थे, तो इन्होंने टूजी, थ्रीजी, जीजाजी पता नहीं कितने घोटाले किए। अब मध्यप्रदेश में भी घोटाले शुरू कर दिए हैं। इनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर हैं। ये झूठ का ढिंढोरा पीट रहे हैं। ये बातें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार को बालाघाट से पार्टी प्रत्याशी ढालसिंह बिसेन के समर्थन में बालाघाट लोकसभा क्षेत्र के मानेगांव (बैहर), महकेपारा (कटंगी) और लालबर्रा (बालाघाट) में सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
किसान परेशान, नेता मजे कर रहे है
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है। चुनाव भी रिकार्ड तोड़ रहे हैं, लेकिन इनसे भी बड़ा रिकार्ड तो राहुल गांधी और कमलनाथ तोड़ रहे हैं। ये झूठ बोलने का रिकार्ड तोड़ रहे हैं। राहुल गांधी साढ़े तीन माह पहले प्रदेश की जनता को वादा कर गए थे कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाइए 10 दिनों में किसानों का कर्जा माफ कर दूंगा। ऐसा नहीं हुआ तो 11वें दिन मुख्यमंत्री बदल दूंगा। साढ़े तीन माह से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन अब तक किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ है। अब तक तो 12 मुख्यमंत्री बदल देना था। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को धान का उचित समर्थन मूल्य नहीं दे रही है, धान के पैसे नहीं दे रही है, किसानों से गेहूं नहीं खरीद रही है। किसान परेशान हो रहे हैं, लेकिन इनके नेता मजे कर रहे हैं।
गरीबों का हक छीन रही कांग्रेस
चौहान ने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार गरीबों का हक छीन रही है। हमने संबल योजना शुरू की तो इन्होंने उसे बंद कर दिया। हमने भांजे-भांजियों के लिए कॉलेज की फीस देना शुरू किया तो इन्होंने उसे भी बंद कर दिया। इलाज के लिए पैसा देते थे तो इन्होंने उसे भी बंद कर दिया। अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रूपए देते थे तो इन्होंने वह भी बंद करवा दिए। प्रदेश में विकास के कार्य ठप्प करवा दिए। अब तो केवल ट्रांसफर उद्योग चल रहा है। पैसा लाओ और ट्रांसफर करवाओ। एक-एक अधिकारी के एक ही दिन में चार-चार बार तबादला किया गया।
मोदी ने दिया आतंकवादियों को जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने पांच साल में कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की। उन्होंने आतंकवादियों को भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। पहले आतंकवादी हमला होता था तो प्रधानमंत्रियों के मुंह नहीं खुलते थे, लेकिन अब आतंकवादी भारत से खौफ खाते हैं।
हर दिन बदलेंगे इनके प्रधानमंत्री
सभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस एवं उनके गठबंधन सहयोगियों को लेकर कहा कि इनके तो हर दिन अलग-अलग प्रधानमंत्री बनेंगे। उनका तो नेता ही तय नहीं है। बारात तैयार है, लेकिन दूल्हे का पता ही नहीं है। सोमवार को अखिलेश यादव, मंगलवार को मायावती, बुधवार को चंद्रबाबू, गुरूवार को ममता दीदी, शुक्रवार को स्टालिन, शनिवार को राहुल गांधी और रविवार को छुट्टी। लेकिन हमारा नेता तो तय है नरेंद्र मोदी, वे ही हमारे प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है। देश की सुरक्षा, विकास और स्वाभिमान के लिए उनका प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि अपने प्रत्याशी श्री ढालसिंह बिसेन को जिताकर मोदी जी के फिर से प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ करें।