देश की सुरक्षा, स्थिरता और विकास के लिए मोदी सरकार जरूरीः सुषमा स्वराज
विदेश मंत्री ने कहा-सेना के शौर्य का सबूत मांगने वाले नहीं कर सकते देश की रक्षा
खबरनेशन/Khabarnation
रीवा। हमने बालाकोट मे एयर स्ट्राइक करके अपनी सैनिक ताकत दिखाई। इस्लामिक देशों और दुनिया में पाकिस्तान को अलग-थलग करके कूटनीतिक सफलता हांसिल की। यह मोदी का भारत है। हमारे विरोधी दल के नेता कहते हैं कि एयर स्ट्राइक तमाशा है। वे सेना के शौर्य का सबूत मागते हैं। ये वो लोग हैं जो आतंकियों का सम्मान करते हैं। भारत की बरबादी तक जंग जारी रखने की धमकी देने वाले अलगाववादियों का समर्थन करते हैं। ये आपके वोट के हकदार नहीं हैं। इन लोगों के हांथ में देश सुरक्षित नहीं रह सकता। देश की सुरक्षा मोदी सरकार ही कर सकती है। देश की सुरक्षा, स्थिरता और विकास के लिए मोदी सरकार जरूरी है। यह बात विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को रीवा और सतना में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये कही।
हर मापदंड पर खरी उतरी मोदी सरकार
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुद्धिजीवी सम्मेलन में कहा कि 2014 में आपसे वायदा करके बोट लिया था आज अपनी सरकार का हिंसाब देने के लिए आपके पास आई हूं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर कसौटी पर खरी उतरी है। पहली कसौटी है राष्ट्रीय सुरक्षा की, जिस पर हमारी सरकार पूरी शिद्दत से सफल रही है। मोदी जी की सरकार ने एक तरफ पाकिस्तान को करारा सबक सिखाया, तो वहीं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को अलग थलग किया। विकास के मापदंड पर देखें, तो देश में पांच वर्षो में अभूतपूर्व विकास हुआ है। हमारा देश दुनिया की छठी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। कांग्रेस सरकार के समय देश में 40 प्रतिशत शौचालय ही थे, जो आज 98 प्रतिशत हो गये हैं। पांच वर्षो में 13 करोड़ गैस कनेक्शन बांटे गये, जिनमें से 6 करोड़ कनेक्शन माताओं-बहनों को मुफ्त में दिये गये। हमने 34 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोले हैं। एक लाख सोलह हजार गांवो में आप्टिक फाइबर लाइन का जाल बिछाया। 2014 में मोबाइल बनाने की दो फैक्ट्रियां थीं, जो आज 127 हो गई। पूरे देश में मात्र 77 पासपोर्ट के केन्द्र थे, हमने 505 नए कार्यालय खोले। 14 नये एम्स, 118 मेडिकल कॉलेज खोले। शिक्षा के क्षेत्र में 14 नई ट्रिपल आईआईटी, 7 आईआईटी, 7 आईएएन, 119 केन्द्रीय विद्यालय, 62 नवोदय विद्यालय खोले गये हैं। जन कल्याण के क्षेत्र में देखें, तो हमारी सरकार ने सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया है। मध्यम वर्ग के लोगों को राहत देते हुए आयकर की सीमा 5 लाख रुपए तक बढ़ा दी। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रयागराज कुम्भ में सफाई कर्मियों के चरण धोकर उन्हे सम्मानित करने का काम किया, जो इतिहास के पन्नों में लिखा जायेगा।
एक बटन दबाकर चुनें सांसद और प्रधानमंत्री
सुषमा स्वराज ने रीवा लोकसभा प्रत्याशी जर्नादन मिश्रा की कर्मठता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने 2700 गांवों का भ्रमण करने का कीर्तिमान रचा है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में जिले की आठों सीटें भाजपा को जिताने के लिए रीवा की जनता प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि 6 मई को कमल का बटन दबाएं। इस एक बटन को दबाने से नरेन्द्र मोदी पुनः देश के प्रधानमंत्री बनेंगे और जर्नादन मिश्रा आपके सांसद बनेगें।