कांग्रेस सरकार ने गरीबों से उनका दाल-भात भी छीन लिया: शिवराजसिंह चौहान
छत्तीसगढ़ के राजपुर, बिश्रामपुर में पूर्व मुख्यमंत्री ने ली सभाएं
भाजपा सरकार ने जितनी सड़कें बनवाईं, उनके गड्ढे भी नहीं भरवा पाएंगे भूपेश बघेल
खबरनेशन/Khabarnation
राजपुर/बिश्रामपुर। छत्तीसगढ़ में गरीबों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराने के लिए भाजपा सरकार ने दाल-भात के केंद्र खोले थे, लेकिन कांग्रेस की सरकार आते ही गरीबों से उनका दाल-भात भी छीन लिया। कांग्रेस की सरकार ने इन केंद्रों को ही बंद करवा दिया। इलाज के लिए दी जाने वाली सहायता निधि बंद करवा दी। नमक देने की व्यवस्था बंद कर दी और अब देश से गरीबी हटाने की बातें कर रहे हैं। यह बात शनिवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर और बिश्रामपुर में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
सहन नहीं करेंगे बदले की राजनीति
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमराई हुई हैं। अभी सिर्फ साढ़े तीन माह ही सरकार में आए हुए हैं, लेकिन पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। यह माहौल सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों को 2-2 लाख रुपए का झांसा देकर फंसा लिया और अब किसान भी कह रहे हैं कि दो-दो लाख रुपए के लालच में आ गए, लेकिन अब नहीं आएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं से चुन-चुनकर बदला लिया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बदले की राजनीति बिल्कुल भी सहन नहीं करेंगे। यदि बदले की भावना से राजनीति की तो सड़कों पर आकर उतरेंगे। उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता कोई रसगुल्ला नहीं है, जो कोई भी खा जाएगा।
कांग्रेस सरकार में हर चीज बिकाऊ
चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में चारों तरफ त्राहि-त्राहि मची हुई है। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश, हर जगह ट्रांसफर का धंधा चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हर चीज बिकाऊ है। एक अधिकारी का दिन में तीन-तीन बार तबादला किया जा रहा है। पूछने पर जबाव मिलता है कि वह ज्यादा पैसे दे रहा है। कांग्रेस सरकार में जनता को लूटने का धंधा बना हुआ है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। भाजपा शासनकाल में नक्सलवाद पर काफी हद तक रोक लगाई गई थी, लेकिन अब फिर से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बढ़ रहा है। लूट, अत्याचार, बलात्कार बढ़ रहे हैं। विकास के काम पूरी तरह से ठप्प पड़े हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में जितनी सड़कें डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में बनवाई हैं, अब कांग्रेस के शासनकाल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उन सड़कों के गड्ढे भी नहीं भरवा पाएंगे।
याद आ रहा है मामा
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में मैंने कई योजनाएं चलाईं, लेकिन अब कांग्रेस सरकार ने सभी योजनाओं को बंद कर दिया। अब जब किसी बुजुर्ग को तीर्थ यात्रा पर जाना होता है तो उसे मामा याद आता है। अंतिम संस्कार के समय मामा याद आता है। बिजली के बिल भरते समय मामा याद आता है, कोई बीमार होता है उसे भी मामा याद आता है। कोई माता-पिता जब अपने बच्चे की फीस भरते हैं तो उन्हें भी माता याद आ जाता है।
मोदीजी के नेतृत्व में हो रहा देश का निर्माण
चौहान ने कहा है कि जितना विकास देश में पिछले 50 वर्षों में नहीं हुआ था, उससे कहीं ज्यादा विकास पिछले पांच वर्षों में हुआ है। अब देश का नवनिर्माण हो रहा है, भारत संपन्न राष्ट्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलने वाले हैं। पहले इंदिराजी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, फिर राजीव गांधीजी ने भी दिया, लेकिन गरीबी नहीं हटा पाए। उसके बाद से कांग्रेस के कई प्रधानमंत्री आए, लेकिन गरीबी नहीं हटा पाए। अब राहुल गांधी गरीबों को झांसा दे रहे हैं कि उनके खातों में पैसा डालेंगे। कांग्रेस ने पहले जो वादे किए थे, वे तो अब तक पूरे नहीं हुए हैं और अब फिर से देश की जनता को झूठ बोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2022 तक कोई भी गरीब कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा, भाजपा की सरकार हर गरीब को पक्का मकान बनाकर देगी। हर घर में उज्ज्वला योजना के कनेक्शन होंगे। किसानों को 60 साल की उम्र के बाद पेंशन दी जाएगी। बिना ग्यारंटी का कर्जा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह हर हाल में करती है।
बारात तैयार है, दूल्हे का पता नहीं
चौहान ने कहा कि कांग्रेस का हाल बिना दूल्हे की बारात जैसा है। बारात तैयार है, लेकिन दूल्हे का पता नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से पूछो कि प्रधानमंत्री कौन होगा, तो किसी को पता ही नहीं है। वे कहते है कि चुनाव जीतने के बाद तय होगा। बारात लेकर निकल गए हैं लेकिन घोड़ी पर कौन सा दूल्हा बैठेगा, पता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता नरेंद्र मोदी हैं और उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट दें, पार्टी के उम्मीदवारों को जिताएं।