राहुल नहीं, नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं आतंकवाद का खात्माः शिवराजसिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- कमलनाथ सरकार ने रोकी गरीबों के लिए शुरू की गई योजनाएं
खबरनेशन/Khabarnation
शहडोल/सीधी। पहले पाकिस्तान से देश में आतंकवादी आते थे, निर्दोष लोगों को मारते थे और चले जाते थे। आतंकवादियों का बाल भी बांका नहीं होता था, लेकिन पिछले पांच वर्षों में पाकिस्तान से आतंकवादियों को भारत आने में खौफ लगने लगा है। आतंकवाद का खात्मा राहुल गांधी कभी नहीं कर सकते। यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं और उन्होंने किया भी है। यह बात शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चौहान ने अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम एवं कोतमा में भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह तथा सीधी जिले में पार्टी प्रत्याशी रीति पाठक के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।
हमने सफाया किया, फिर पैदा होने लगे डकैत
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कि आतंकवाद को लेकर पिछले पांच सालों में मोदी सरकार ने कई बार एक्शन लिया। सर्जिकल स्ट्राइक की गई। पाकिस्तान में घुसकर एयरस्ट्राइक की गई। वहां पर हमारे देश का सपूत अभिनंदन पकड़ा गया तो उसे 72 घंटे में वापस भी ले आए। ये काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब मैंने सत्ता की कमान संभाली तब यहां पर भी डाकुओं का आतंक था। लेकिन मैंने कह दिया कि मध्यप्रदेश की धरती पर या तो डकैत रहेंगे या शिवराजसिंह रहेगा। हमने प्रदेश से डकैतों का पूरी तरह से सफाया कर दिया, लेकिन अब मध्यप्रदेश में फिर से डकैत पैदा होने लगे हैं। यही कारण है कि प्रदेश में लगातार घटनाएं बढ़ रही हैं। बच्चों का अपहरण करके उन्हें मौत के घाट उतारा जा रहा है।
पढ़ाई से लेकर बीमारी तक याद आएगा मामा
शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए भांजे-भांजियों की पढ़ाई की चिंता की, उनकी फीस भरी, लेकिन अब कमलनाथ सरकार ने सब बंद कर दी। अब जब-जब भी फीस भरोगे तो मामा याद आएगा। हमारी सरकार ने अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रूपए देने की व्यवस्था शुरू की, कांग्रेस सरकार ने उसे भी बंद कर दिया। अब जब अंतिम संस्कार होता है, तो मामा याद आता है। मैंने मेरी बहनों के लिए बच्चे के जन्म से पहले चार हजार रूपए और बाद में 16 हजार रूपए की व्यवस्था की तो इन्होंने उसे भी बंद कर दिया। जब कोई बीमार होता था तो सरकार इलाज करवाती थी, लेकिन अब इलाज के दौरान भी मामा याद आता है। किसान परेशान हैं उनको अब तक कर्जमाफी की राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी बदला लेना है तो मुझसे लो, भोली-भाली जनता से क्यों बदला ले रहे हो।
प्रदेश में विकास बंद, तबादला उद्योग चालू
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में पिछले चार महीनों से प्रदेश में हर तरह के विकास के काम पूरी तरह से ठप्प पड़े हुए हैं। अब प्रदेश में विकास तो नहीं हो रहा, लेकिन तबादला उद्योग जमकर चल रहा है। अधिकारी-कर्मचारियों को इधर से उधर कर दिया, उसमें भी खूब पैसा लिया गया। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था तो अनूपपुर जिले के लिए विकास कार्यों के लिए खूब पैसा दिया। अमरकंटक को स्मार्टसिटी बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प हैं।
इस बार गलती मत करना
चौहान ने कहा कि जनता ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को ज्यादा सीटें देकर गलती कर दी थी, लेकिन इस बार यह गलती मत करना। अब केंद्र में नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है, इसलिए भाजपा को जिताना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना चलाई, जिसके कारण घर-घर में गैस सिलेंडर पहुंचे। आम आदमी के लिए बीमा योजना शुरू की। किसानों को हर साल 6 हजार रूपए देने की घोषणा की, लेकिन प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने अब तक किसानों की सूची उपलब्ध नहीं कराई, जिसके कारण किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। मोदी जी की सरकार ने बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान चलाया। भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाया और दुनिया में देश का सिर गर्व से उंचा किया है।
कर्ज माफ हुआ, न मिला रोजगार
शिवराजसिंह ने कोतमा में आयोजित सभा में कहा कि राहुल गांधी दुनिया के सबसे बड़े झुठेले हैं, उनसे बड़ा झूठेला मैंने अभी तक नहीं देखा। मध्यप्रदेश में आए तो किसानों से वादा कर गए कि सरकार बनी तो 10 दिन में कर्जा माफ कर देंगे। चार महीने हो गए हैं, लेकिन अब तक किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मध्यप्रदेश के युवाओं से वादा कर गए कि मोबाइल की फैक्ट्री खोलेंगे, इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। लेकिन बताएं अब तक कितने युवाओं को रोजगार दिया है। अब गरीबों को हर माह 12 हजार रूपए देने की बात कर रहे हैं। देश में आजादी के बाद से 50 साल तक इनकी सरकार रहीं, लेकिन अब तक देश से गरीबी नहीं हटा पाए। इंदिराजी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन गरीबी नहीं हटा पाईं। अब राहुल गांधी गरीबी हटाने की बात कर रहे हैं। देश-प्रदेश की जनता के साथ एक बार फिर झूठा वादा कर रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो संबल जैसी गरीबों की महत्वपूर्ण योजना को बंद कर दिया। गरीबों को बड़े-बड़े बिजली के बिल भेज रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा से देश की जनता के साथ छलावा किया है और अब राहुल गांधी झूठे वादे करके फिर से छलावा कर रहे हैं। देश-प्रदेश की जनता ही इसका जवाब देगी।