मोदी का नहीं, 130 करोड़ भारतीयों का अपमान कर रही कांग्रेस: शिवराजसिंह चौहान

राजनीति Apr 16, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- मोदी विरोध में देश विरोधी हो गए कांग्रेस नेता

खबरनेशन/Khabarnation   

हलोल। एक तरफ सारा देश मोदी-मोदी की धुन पर नाच रहा है, लेकिन कांग्रेस और विपक्षी नेताओं को यह पसंद नहीं है। इनको लगता है कि चौकीदार इनको जेल भेज कर ही दम लेगा। इसलिए ये मोदी जी पर घिनौने आरोप लगाते हैं। चौकीदार का अपमान करते हैं। इनके संस्कार ऐसे ही हैं। सपा के एक नेता तो मां-बहनों का भी अपमान करते हैं। लेकिन ये अकेले नरेंद्र मोदी का अपमान नहीं है। ये 6 करोड़ गुजरातियों और 130 करोड़ भारतीयों का अपमान है, जिसे कांग्रेस को याद रखना चाहिए। यह बात मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराजसिंह चौहान ने गुजरात के हलोल में सभा को संबोधित करते हुए कही।

छोटे-छोटे देश आंखें दिखाते थे

सभा को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के समय में छोटे-छोटे देश भारत को आंखें दिखाते थे। मोदी ने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया। अब हम विदेशों में जाते हैं, तो खुद को भारतीय बताते हुए सिर गर्व से उठ जाता है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय मुंबई में आतंकी हमला हुआ। लेकिन उस समय प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह मौन रहे और सोनियाजी कुछ नहीं बोलीं। पाक आखें दिखाता रहा। लेकिन इस बार उससे गलती हो गई। आतंकियों ने उड़ी में हमला किया, तो हमारे जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की और आतंकियों को गिन-गिनकर मारा। पुलवामा में आतंकी हमला हुआ, तो हमारे प्रधानमंत्री ने कह दिया था-हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और कोई हमें छेड़ेगा, तो उसे छोड़ेंगे नहीं। हमारी वायुसेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की और लाशें बिछा दीं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा दिया था कि अगर विंग कमांडर अभिनंदन का बाल भी बांका हो गया, तो पाकिस्तान नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि पहले कब ऐसा हुआ है। नरेंद्र मोदी जी पर गर्व हिन्दुस्थान की जनता को।

भारत विरोधी हो गई विपक्षी नेता

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का उदय हो रहा है। हमारी सेना ने पाकिस्तानी आतंकियों को सबक सिखाया, पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ गया है। मोदी को रूस का सर्वोच्च सम्मान मिला। मोदी मोदी की आवाज से आकाश गूंज रहा है। लेकिन कांग्रेस और बाकी पार्टियों को ये अच्छा नहीं लगा। मोदी का विरोध करते करते भारत विरोधी हो गए। सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। एयर स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। पूछ रहे हैं कि कितने आतंकी मारे। उन्होंने कहा कि युद्धवीर लाशें नहीं गिनते, गिद्ध गिनते हैं। कांग्रेस के एक नेता कहते हैं पुलवामा हमला दुर्घटना थी। दूसरे नेता कहते हैं पुलवामा का हमला फिक्सिंग थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। कांग्रेस भारतमाता को कलंकित करने का काम कर रही है।

राहुल को मिलेगा सबसे बड़े झुठेले का पुरस्कार

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी से बड़ा झुठेला पैदा नहीं हुआ। उन्हें झूठ बोलने का सबसे बड़ा पुरस्कार मिलेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में कहा कि दस दिनों में किसान भाइयों का कर्ज माफ कर देंगे। अगर नहीं हुआ, तो ग्यारहवें दिन सीएम बदल देंगे। साढ़े तीन महीने हो गए। किसान इंतजार कर रहे हैं। राहुल गांधी कह रहे हैं दो घंटे में कर्ज माफ कर दिया। उधर, कमलनाथ लाखों किसानों को मैसेज करके कह रहे हैं, चुनाव बाद करेंगे कर्ज माफ। अब किसानों को नोटिस आ रहे हैं। वे डिफाल्टर हो रहे हैं, आत्महत्याएं कर रहे हैं।

कांग्रेस ने सिर्फ सपने दिखाए, गरीबों का हक छीना

चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता हथियाने के लिए लोगों को सुहाने सपने दिखाए। उन्होंने कहा बेरोजगार नौजवानों को 4 हजार रुपए भत्ता देंगे। राहुल बोले मोबाइल की फैक्ट्री खोल दूंगा, जिसमें युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ युवाओं को मवेशी चराने, बैंड बजाने, का रोजगार दे रहे हैं। वो आगे कहेंगे बिच्छू पकड़ लाओ, बंदर नचाओ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में गरीबों के लिए शुरू की गई संबल योजना रोक दी। गरीब महिलाओं को प्रसव के लिए जो पैसा सरकार देती थी, वह कांग्रेस सरकार ने छीन लिया। बिजली पर दी जाने वाली सब्सिडी छीन ली, अब बड़े-बड़े बिल आ रहे हैं। गरीब बच्चों की फीस छिन गई। गरीबों को असमय होने वाली मौत पर मिलने वाली सहायता छीन ली।

मोदी ने किया चौतरफा विकास

चौहान ने कहा कि विकास क्या होता है, यह मोदी जी ने बताया। उन्होंने गुजरात और देश का चौतरफा विकास किया। राजमार्ग, रेल कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी, बंदरगाहों का विकास। कांग्रेसी कर्जमाफी की बात करते हैं, मोदी जी ने 6 हजार रुपए किसानों की खातों में डालने की बात कही और कई किसानों के खातों में पहली किश्त पहुंच भी गई। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के किसानों को नहीं मिला, क्योंकि वहां की कांग्रेस सरकारों को लगता है कि अगर किसानों को पैसा मिल गया, तो वे कांग्रेस को वोट नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली और समृद्ध भारत का उदय हो रहा है। स्वच्छ भारत योजना से, प्रधानमंत्री आवास योजना से, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना से, फसल बीमा योजना से, किसान सम्मान योजना से एक नए  भारत का उदय हो रहा है। धन्य हैं मोदी जी, जिन्होंने हिन्दुस्तान को बदल दिया।

मोदी के खिलाफ एक हो रहा विपक्षी कुनबा

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मोदी जी वंशवाद नहीं चलने दे रहे। काला धन रखने वालों पर कार्रवाई हो रही है। इसलिए विपक्षी परेशान हैं और सब इकट्ठे हो रहे हैं। उनका कहना है मोदी नहीं चाहिए,  मोदी नहीं होना। मोदी जी के डर से बुआ-बबुआ इकट्ठे हो गए। मायावती पर जब सपा का हमला हुआ था,  तो उन्हें बचाने वाली भाजपा ही थी। ममता दीदी, चंद्रबाबू नायडू, स्तालिन सब एक हो रहे हैं। लेकिन ऐसा गठबंधन सही नहीं, जिसमें दिल न मिले, सिर्फ हाथ मिलें। चौहान ने कहा कि हमारे नेता नरेंद्र मोदी हैं, वही प्रधानमंत्री बनेंगे। पूरी पार्टी और एनडीए मोदी जी के पीछे खड़े हैं। लेकिन गठबंधन का नेता कौन है? राहुल को लोग नेता नहीं मानते, ऐसे में प्रधानमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सभा में यदि प्रधानमंत्री कहकर पुकारो, तो 25 नेता खड़े हो जाते हैं। इतने सारे दूल्हे अगर घोड़ी पर बैठ गए, तो घोड़ी उठ ही नहीं पाएगी। या फिर घोड़ी खाली ही चलेगी बारात में।

देश को आगे बढ़ाने के लिए मोदी जरूरी

चौहान ने कहा कि भाजपा में कई जोड़ियां हुई हैं। डॉ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं.दीनदयाल उपाध्याय की जोड़ी। अटलजी और आडवाणी जी की जोड़ी। उसके बाद मोदी जी और अमित शाह जी की जोड़ी है, जो हर तरफ धूम मचा रही है। हर तरफ भाजपा की हवा चल रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में भी भाजपा को शानदार सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए मोदी जी का नेतृत्व जरूरी है। इसलिए लोकसभा चुनाव में कोई चूक न करें, गुजरात की 26 में से 26 सीटें भाजपा को जिताएं। यह गुजरात के गौरव का सवाल है, भारत को विश्वगुरु बनाने का सवाल है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment