हिम्मत हो तो नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाए, कांग्रेस का फिर झूठ: मालू
पोषण आहार के काजू कौन खा रहा ?
खबरनेशन/Khabarnation
इंदौर, कांग्रेस के फर्जी वादे का झूठ कर्ज माफ़ी की तरह ई-टेंडरिंग के मामले में भी सामने आ गया! मुख्यमंत्री कमलनाथ में हिम्मत होती तो अज्ञात की जगह नामज़द रिपोर्ट दर्ज करवाकर बदले की सही भावना प्रकट करते।
म.प्र. राज्य खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष गोविन्द मालू ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस नेताओं और उनकी सरकार में दम इसलिए नहीं है। क्योंकि, वे खुद गले-गले तक भ्रष्टाचार में फँसे है, इसलिए झूठे आरोप लगाकर ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी करते हैं। बल्लेबाज को सीधे गेंद फेंके तो पता चलेगा कि कैसे छक्का लगता है।
मालू ने कहा कि हमारी सरकार ने ही व्यापम की CBI जाँच करवाई और हमारे मंत्री,अधिकारियों को भी जेल जाने से नहीं रोका ई टेंडरिंग में जब पैसे का लेनदेन ही नहीं हुआ है उसके पहले ही शिवराज सरकार ने EOW को प्रकरण सौपा तो कांग्रेस झूठ बोलकर ईमानदार शिवराज सरकार को बदनाम करने के लिए छापे की खुन्नस में इज्जत बचाने के लिए अज्ञात नामों से एफआईआर दर्ज कराने का उपक्रम कर वादा पूरा करने की बात कर रही है।
मालू ने कहा दिग्विजयसिंह पोषण आहार की तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया कुपोषण की बात उठाते रहे हैं और कमलनाथ सरकार ने ठेकेदारों की ही अवधि फिर बढ़ा दी, जो घोषित मुख्यमंत्री के खास नजदीकी लोगो की कंपनियां हैं।
जबकि, हमारी सरकार ने तो व्यवस्था बदलकर पारदर्शिता लाई थी। पोषण आहार की इस थाली के काजू कौन खाता है यह सब जानते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पोषण आहार में भारी गड़बड़ी की तरफ इशारा किया है।
मालू ने कहा कि यह सर्वज्ञात है कि ई टेंडरिंग सिस्टम की व्यवस्था को बायपास कर भ्रष्टाचार के लिए पुराने टेंडर का री-इस्टीमेट और काम बढ़ाने का गोरखधंधा कहां से चल रहा है,और यह धन तुग़लक रोड पर जमा हो रहा है।
मालू ने कहा यदि कहीं गड़बड़ होती तो जिस तरह कोलगेट,2G, CWG में कांग्रेस के घोटालों पर हम लोग कोर्ट गए थे। काँग्रेस भी शोर मचाने के पहले तथ्य होते तो कई बार कोर्ट चली जाती।
लेकिन तथ्य/प्रमाण नहीं होने पर जिस तरह व्यापम में उनके नेता हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक चप्पल चटकाते रहे और मुँह की खाते रहे,वही हश्र ई टेंडरिंग का भी होने वाला था।
मालू ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार में दम हो तो एक भी घोटाला या भ्रष्टाचार 15 साल की भाजपा सरकार में हुआ हो तो उसे उज़ागर करके बताए और दोषियों को दण्डित करे।
हम भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ और शुचिता सुशासन,ईमानदारी के सदैव पक्ष मे थे और रहेंगें। हमारा संघर्ष जारी रहेगा ।