कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, लोकसभा में कार्यकर्ताओं का परिश्रम विजय होगा: स्वतंत्रदेव सिंह
खबरनेशन/Khabarnation
बालाघाट। हमारे कार्यकर्ता पार्टी की रीढ है। एक अच्छा कार्यकर्ता बनना हमारे कर्म पर निर्भर है। हर कार्यकर्ता आदर्श कार्यकर्ता बन सकता है, इसके लिये अथक परिश्रम और अनुशासन की आवष्यकता होती है। उन्होंने कहा कि स्व. कुशाभाउ ठाकरे और स्व. नानाजी देशमुख बनना हर किसी के बस की बात नहीं। जबकि ये ऐसे व्यक्तित्व है जिन्होने दिन रात पार्टी के लिए एक कर आज पार्टी को सर्वोच्च स्थान पर लाकर खडा किया है। हमारे लिए ऐसे महापुरूष हर कार्यकर्ता के लिए आदर्श है। यह बात लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी एवं उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को बालाघाट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
बालाघाट जिले के परसवाड़ा और बालाघाट विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक को लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी एवं उत्तरप्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश रंगलानी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर, रामकिषोर कावरे, लोकसभा प्रत्याशी ढ़ालसिंह बिसेन एवं लोकसभा संयोजक नरेश दिवाकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। लोकसभा के सह संयोजक महेन्द्र सुराना,जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन, अजय चमकेल एवं भारती पारधी विशेष रूप से उपस्थित थी।
हम विचारधारा के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि देश में अनेक राजनैतिक दल कार्य कर रहे है। कोई दल व्यक्ति को स्थापित करने के लिए तो कोई दल परिवार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। लेकिन हम उस दल के कार्यकर्ता है। जो देश सेवा के लिए काम करता है। हमारा उद्देश्य भारत माता को परम वैभव के शिखर में पहुंचाने का है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की भूमिका दोहरी भूमिका है, जब हम सत्ता में होते है तो देष को सहीं दिशा में ले जाना और जनता को अपनी विचारधारा से अवगत करना हमारा दायित्व होता है लेकिन जब हम विपक्ष में होते है तो हमें जनता को जाग्रत करने की अहम जिम्मेदारी होती है।
कांग्रेस फिर झुठ का सहारा लेकर सत्ता पर काबिज होना चाहती है
उन्होंने कहा कि अटल जी की सरकार को कांग्रेस ने झुठ और फरेब का सहारा लेकर सत्ता से अलग किया। जिसका परिणाम हमें रामसेतु का विरोध, शंकराचार्य एवं संतो की गिरफ्तारी तथा हजारों घोटालों के रूप में देखने को मिला। जबकि अटल जी पर लगाये सभी आरोप निराधार एवं बेबुनियाद सिद्ध हुए। हमें यह गलती अब किसी भी हाल में नहीं दोहरानी है। अटल जी को एक मौका और मिल गया होता तो देश के 2014 के पहले के 10 वर्ष बर्बाद न होते। अब कांग्रेस फिर एक बार झुठ का सहारा लेकर सत्ता पर काबिज होना चाहती है।
अपने बूथ से कांग्रेस का सफाया कर दें
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में एक ऐसा नेतृत्व मौजूद है जिन्होने देश का मनोबल बढाया, विश्व में भारत की साख बढाई। केन्द्र सरकार ने समाज के निचले तबके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये ऐतिहासिक निर्णय लिए। देश सेवा में लगे हुए ऐसे प्रधानमंत्री पर कांग्रेस अनर्गल आरोप और अपशब्दों का प्रयोग कर रहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसका जवाब भाजपा का कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में उन्हें करारी हार के रूप में देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए 20 दिन का समय देने की अपील करते हुए बूथ स्तर तक चुनाव प्रचार और संवाद करने की बात कही।