नरेन्द्र मोदी ने देश का मान-सम्मान विश्व में बढ़ाने का काम किया: नरेन्द्रसिंह तोमर
खबरनेशन/Khabarnation
ग्वालियर। आज हमारे साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुशल नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की फौज है। हमारे साथ देश को समृद्ध बनाने का विचार है, इसीलिए भारतीय जनता पार्टी को हराना नामुमकिन है। पिछले पौने पांच वर्ष में नरेन्द्र मोदी ने हर मोर्चे पर सफलता प्राप्त की है। नरेन्द्र मोदी ने देश का मान-सम्मान विश्व में बढाने का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी देश को आगे रखकर राष्ट्रवादी विचार के साथ काम करती है। जबकि कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के पास न विचार है, न कुशल नेतृत्व है, न देश को आगे बढ़ाने का विजन है और न उनके पास समर्पित कार्यकर्ता है। ऐसे राजनीतिक दलों का सिर्फ एक ही मकसद है कि देश में कैसे सत्ता हासिल की जाए। ऐसे दलों के बारे में हमें जनता को बताना होगा। यह बात रविवार को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में आयोजित भाजपा विधि प्रकोष्ठ की कार्यशाला में कही। कार्यशाला को महापौर एवं पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी विवेक शेजवलकर ने भी संबोधित किया।
यह देश को बनाने वाला चुनाव है
तोमर ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में मुद्दे अलग हैं। एक तरफ राष्ट्रवादी विचार रखने वाला भाजपा है तो दूसरी ओर ऐसे राजनीतिक दल महागठबंधन के रूप में सामने हैं, जो देश को बांटने की विचारधारा रखने वालों का समर्थन करते हैं। कि यह चुनाव देश को बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की पहचान पूरे विश्व में सशक्त देश के रूप में बनी है। भारत विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा है। भारत ने आतंकवाद के मसले पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों को खत्म किया है। हाल ही में अंतरिक्ष में एंटी सेटेलाइट मिसाइल से सेटेलाइट को नष्ट कर पूरी दुनियां में यह संदेश देने का काम किया है कि भारत अब किसी से कम नहीं है।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी की जीत होगी
तोमर ने कहा कि आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सशक्त रूप दिखाई दे रहा है। पूरी दुनिया का नजरिया भारत के प्रति बदला है। हम सब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं, हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता श्री नरेंद्र मोदी के साथ है, हम सब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। अधिवक्ता समाज में एक महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। प्रत्येक अधिवक्ता का एक महत्वपूर्ण दायरा होता है उस दायरे में समाज का, क्षेत्र का, बुद्धिजीवी वर्ग का, सामाजिक संस्थाओं का जुड़ाव रहता है। खासकर हमारी विचारधारा से जुड़े अधिवक्ताओं अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि आप लोग टोली बनाकर जनता के बीच जाएं और नरेंद्र मोदी द्वारा देश हित में किए गए कार्यों को जनता को बताएं तो निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चत होगी और हम सब मिलकर नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने मे सफल होंगे ।
इस अवसर पर मंच पर जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, लोकसभा के संयोजक अभय चैधरी सहित विधि प्रकोष्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।