भाजपा ने प्रस्तुत किया किसानों, व्यापारियों की जिंदगी बदलने का रोडमैप: राकेश सिंह
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-घोषणा पत्र से स्पष्ट पार्टी के लिए देश की सुरक्षा और स्वाभिमान सर्वोपरि
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने जो घोषणा पत्र जारी किया है, वह महज चुनावी वादा नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों छोटे किसानों और व्यापारियों की जिंदगी बदलने का रोडमैप है। इस घोषणा पत्र के जरिए पार्टी ने उन लोगों को आशा की किरण दिखाई है, जो अपने बुढ़ापे की चिंता में ठीक से जी भी नहीं पाते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेशसिंह ने लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश की सुरक्षा को लेकर जो प्रावधान किए हैं, उनके आधार पर कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत वर्ष को एक सुरक्षित और स्वाभिमानी राष्ट्र बनाने की योजना पर आगे बढ़ रहे हैं।
चैन से जी सकेंगे किसान और व्यापारी भाई
सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में 60 वर्ष से अधिक आयु के छोटे व सीमांत किसान तथा छोटे व्यापारियों के लिए पेंशन की जो पहल की है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि आमदनी निश्चित नहीं होने के कारण इन दोनों ही वर्गों के लोग अपने भविष्य के लिए प्लानिंग नहीं कर पाते थे, लेकिन पेंशन मिलने से इन वर्गों के लोगों के लोगों की भविष्य के प्रति चिंता कम होगी और वे चैन से जी सकेंगे। इसके अलावा किसान सम्मान निधि के लिए दो हेक्टेयर भूमि की सीमा खत्म करने की बात कही है, जिससे इस योजना का दायरे में सभी किसान आ जाएंगे। इसमें किसान क्रेडिट कॉर्ड पर एक लाख तक के लोन को ब्याज मुक्त करने, एक लाख तक के कृषि लोन पर पांच साल तक ब्याज न लेने की बात कही गई है, इससे किसानों के ऊपर कर्ज बोझ नहीं बन पाएगा। व्यापारियों की समस्याओं पर विचार और उनके हल के लिए राष्ट्रीय व्यापार आयोग के गठन का वादा किया गया है। किसानों की तरह व्यापारियों के लिए भी क्रेडिट कॉर्ड दिया जाएगा, जिससे वे मुश्किल समय का सामना आसानी से कर सकेंगे और अवसर को हाथ से जाने नहीं देंगे। इसके अलावा व्यापारियों को सुरक्षा देने के लिए जीएसटी में पंजीकृत सभी व्यापारियों को 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा देने की बात कही गई है। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे विधायिका में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। विद्यार्थियों के लिए घोषणा पत्र में 2024 तक 50 उच्च शिक्षण संस्थान खोलने, 200 केंद्रीय एवं नवोदय विद्यालय खोलने 75 नए मेडिकल कॉलेज खोलने, उत्कृष्ट इंजीनियरिंग कॉलेजों में सीटें बढ़ाने की बात कही गई है इनसे विद्यार्थियों के लिए अपने कॅरियर को संवारना आसान होगा।
देश की सुरक्षा सर्वोपरि
राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश को सुरक्षित और स्वाभिमानी राष्ट्र बनाने की सोच को लेकर चली है और अब पार्टी के घोषणा पत्र में भी इसी रास्ते पर आगे बढ़ने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में सुरक्षा नीति तैयार करने की बात कही है, जिससे लंबे समय में देश की सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सकेगा। सुरक्षा के क्षेत्र में मेक इन इंडिया को बढ़ावा देते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने का जो प्रावधान किया गया है, उससे न सिर्फ विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि देश में रोजगारों का श्रृजन होगा और देश का स्वाभिमान भी सुरक्षित रहेगा। हमारे सैनिक अपना पूरा ध्यान देश की सुरक्षा पर लगा सकें, इसके लिए पार्टी ने सैनिकों के कल्याण और पुनर्वास के लिए भी उपायों का प्रावधान है। आतंकवाद के प्रति सख्ती की नीति को जारी रखते हुए पार्टी ने घोषणा पत्र में आतंकवाद के प्रति जीरो टालरेंस, सुरक्षा बलों को फ्री हैंड देने की बात कही है। इससे आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जा सकेगा। असम के धुबरी की तरह स्मार्ट फैंसिंग परियोजना को सभी सीमाओं पर लागू किए जाने की बात कही गई है। इससे घुसपैठ को रोका जा सकेगा और देश की सीमाएं अभेद्य हो सकेंगी। सिंह ने कहा कि घोषणा पत्र में देश के चिह्नित क्षेत्रों में एनआरसी लागू करने की बात कही है, जिससे देश के संसाधनों को घुन की तरह चाट रहे घुसपैठियों को बाहर किया जा सकेगा।
कश्मीर को सच्चे अर्थों में देश का अंग बनाएगी भाजपा
सिंह ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अपने निजी एजेंडे के चलते संविधान में ऐसे प्रावधान कर दिए हैं, जिनके चलते कश्मीर राष्ट्र की मुख्य धारा में पूरी तरह शामिल नहीं हो सका है। इन्हीं प्रावधानों में धारा 35 ए और धारा 370 शामिल हैं। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में धारा 35 ए को खत्म करने की प्रतिबद्धता दिखाई है, वहीं धारा 370 के बारे में भी अपने संकल्प को दोहराया है। इससे कश्मीर और वहां के लोगों को देश की मुख्य धारा में लाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही कश्मीरी पंडितों की सुरक्षित वापसी का वादा किया है, वहीं बिना किसी भेदभाव के पाक अधिकृत कश्मीर तथा छंब से आए शरणार्थियों के पुनर्वास की बात भी कही है।
समस्याओं के हल, विकास पर जोर
सिंह ने कहा कि घोषणा पत्र में तीन तलाक विरोधी कानून बनाने की बात कही गई है, जिससे मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिल सकेगा। पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए सभी विकल्प तलाशने की बात कही है, जिससे करोड़ों हिंदुओं की आकांक्षाएं पूरी हो सकेंगी। दूसरी तरफ नेशनल हाइवे की लंबाई दोगुनी करने, भारतमाला-2 परियोजना शुरू करने, 2022 तक सभी रेल लाइनों के विद्युतीकरण, 2022 तक रेल पटरियों को ब्रॉड गेज बनाने की बात कही है, जिससे देश के विकास को गति मिलेगी।