‘मैं भी चौकीदार’ अभियान को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन: राकेश सिंह
जबलपुर में ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान में भाग लेंगे प्रदेश अध्यक्ष
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘मैं भी चौकीदार’’ अभियान को सोशल मीडिया और जनता में अपार जनसमर्थन मिल रहा है। यह अभियान जनआंदोलन बन चुका है। मैं भी चैकीदार अभियान को लेकर कांग्रेस के दुष्प्रचार की हवा निकल गयी है। 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अभियान से जुड़े हर नागरिक से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सीधा संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री के संवाद से कार्यकर्ता और अभियान से जुडे नागरिकों में उर्जा का संचार होगा। यह बात शनिवार को जबलपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कही। प्रदेश अध्यक्ष ने 31 मार्च को मैं भी चौकीदार प्रधानमंत्री मोदी के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की।
राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में अपने अभियान में देश का प्रथम सेवक और चैकीदार के रूप में जनता से आशीर्वाद मांगा था। 16 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मैं भी चौकीदार अभियान की शुरूआत की। प्रधानमंत्री का चौकीदार शब्द से तात्पर्य उस व्यक्ति से है जो देश की सीमाओं पर देश की रक्षा के लिए लड रहे है। भ्रष्टाचार के खिलाफ, विकास कार्यो की निगरानी के लिए,समाज को जाग्रत करने के लिए और सामाजिक बुराईयों के खिलाफ आवाज उठाने वाला हर वह व्यक्ति चौकीदार है, लेकिन कांग्रेस ने इस सम्मानजनक शब्द का दुष्प्रचार किया। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देते हुए मैं भी चौकीदार अभियान प्रारंभ किया उसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अभियान से जुड़े हर नागरिक से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए सीधा संवाद करेंगे। देश भर में 500 स्थानों पर यह कार्यक्रम होगा। उन्होंने बताया कि जबलपुर के दद्दा परिसर में संसदीय क्षेत्र के प्रबुद्धजनों के साथ वे स्वयं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नामदारों का मानना सत्ता सिर्फ उनके लिए
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल के कुछ लोग एक परिवार विशेष के व्यक्ति को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठाना चाहते है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब अपने पहले संबोधन में स्वयं को प्रथम सेवक और चौकीदार बताकर जनता से सीधे जुड़ने का काम किया है। सारे विपक्षी दल प्रधानमंत्री के जनता से सीधे जुड़ाव को लेकर परेशान है और यही सोचकर कुछ नामदारों ने चौकीदार शब्द को गाली देनी चाही। क्योंकि उनका मानना है कि सिर्फ नामदारों को ही देश में राज करने का अधिकार है। इन विपक्षी दलों ने चौकीदार शब्द को लेकर खासा दुष्प्रचार किया लेकिन उनके दुष्प्रचार को जनता नकार चुकी है।
दिग्विजय सिंह के चेहरे से जनता डरती है
राकेश सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि क्या कारण है कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह खुद को हिन्दुवादी साबित करने में तुले हुए है, क्या कारण है कि कर्मचारियों से उन्हें माफी मांगनी पड रही है। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस यह जानती है कि दिग्विजय सिंह वह चेहरा है जिससे प्रदेश की जनता डरती है कि कहीं यह मध्यप्रदेश का फिर बंटाढार ने कर दें।