क्या मोदी असुरक्षित महिलाओं, आत्महत्या करने वाले किसानों, बेरोजगार किसानों और अपमान झेल रहे आदिवासी, दलितों के चौकीदार हैं?: कमलनाथ

राजनीति Mar 30, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विंध्य क्षेत्र के प्रभावशाली नेता विनोद कुमार शुक्ला अपने कई समर्थकों के साथ भाजपा से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये। वे भाजपा सरकार के पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक राजेन्द्र शुक्ला के बड़े भाई हैं। 

इस अवसर पर उनके कांग्रेस प्रवेश में विशेष भूमिका निभाने वाले पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह जी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्रीगण लखन घनघोरिया और पी.सी शर्मा भी उपस्थित थे। 

सतना की पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष और वर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह पटेल और मैहर के पूर्व भाजपा मण्डल अध्यक्ष धीरज पाण्डेय भी आज कांग्रेस में शामिल हुए। डॉ. रक्ष्मि ने नागौद से विधानसभा का चुनाव निर्दलीय लड़ा था। जबकि धीरज पाण्डेय मैहर नगर पालिका के पूर्व भाजपा प्रत्याशी थे। उनके साथ अन्य भाजपा पदाधिकारी एस.पी. शुक्ला, बालेन्दु द्विवेदी, कृष्णकांत द्विवेदी, राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी, राजेन्द्र कुमार दुबे आदि भी कांग्रेस में शामिल हुए।

भारतीय सेना से रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव भी कांग्रेस में शामिल हुए। वे सेना में जाने के इच्छुक युवाओं केा प्रशिक्षित करने का काम करते हैं।

कमलनाथ ने इस मौके पर कहा कि इन सभी ने देश और प्रदेश की वर्तमान तस्वीर को पहचानते हुए तय किया है कि कांग्रेस में शामिल होकर सच्चाई का साथ देना है। इन सभी के कांग्रेस में आने पर पार्टी को मजबूती मिलेगी। भारतीय संस्कृति दिल, रिश्ते, संबंध, सभी समाज और धर्मो को जोड़ने की रही है। कांग्रेस की भी यही संस्कृति है। विश्व के सभी देश आश्चर्य करते हैं कि तमाम धर्मो, जातियों और भाषाओं को समेटेे हुए भारत एक झण्डे के नीचे किस तरह एकता के बंधन में बंधा हुआ है। यही भारतवर्ष की पहचान है।

कमलनाथ ने कहा कि देश में अब भाजपा का पसीना उतर रहा है। जनता सबकुछ स्वीकार करने के लिये तैयार है लेकिन उसे ठगा जाये, यह उसे स्वीकार नहीं है। नरेन्द्र मोदी इधर-उधर की बातें बोलकर जनता का ध्यान मोड़नेे की कोशिश करते हैं। लेकिन जनता समझदार है। वे सबको चौकीदार बनाने में लगे हैं। क्या मोदी असुरक्षित महिलाओं, आत्महत्या कर रहे किसानों, बेरोगार युवाओं, अपमान झेल रहे आदिवासियों और दलितों  के चौकीदार है ?

इस अवसर पर कांग्रेस उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, संगठन महामंत्री राजीव सिंह, मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा, मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा, मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, मोहम्मद सलीम ,प्रवक्ता जे.पी धनोपिया, सैय्यद साजिद अली सहित अन्य पदाधिकारी और कांग्रेस जन उपस्थ्ति थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment