विपक्षी दुष्प्रचार के खिलाफ जन आंदोलन बना ‘मैं भी चौकीदार’ अभियानः विष्णुदत्त शर्मा
‘मैं भी चौकीदार’ अभियान को लेकर 31 मार्च को प्रधानमंत्री करेंगे जनसंवाद
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने के उद्देश्य से विपक्ष ने जो दुष्प्रचार शुरू किया था, उसके खिलाफ अब जनता आगे आ रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मैं भी चौकीदार’ अभियान इस दुष्प्रचार के खिलाफ एक जन आंदोलन बनता जा रहा है। इसी अभियान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को देश की जनता से संवाद करेंगे। यह बात शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कही। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी दी।
प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के चुनाव अभियान में अपने आपको राष्ट्र का प्रथम सेवक और चौकीदार बताया था। प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार पर लगाम लगी और देश ने हर क्षेत्र में तेजी से विकास किया। इससे घबराए विपक्षी दलों ने एक लोकप्रिय प्रधानमंत्री की छवि खराब करने के लिए चौकीदार शब्द को लेकर दुष्प्रचार शुरू किया। लेकिन अब दुष्प्रचार का यह अभियान दम तोड़ता नजर आ रहा है। इस दुष्प्रचार के खिलाफ प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मैं भी चैकीदार’ अभियान 16 मार्च से शुरू किया। उन्होंने यह कहकर कि गरीबी, भ्रष्टाचार और आतंकवाद जैसी बुराइयों से लड़ने वाला देश का हर नागरिक चैकीदार है, लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। अब यह अभियान सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि सारी दुनिया में एक लोकप्रिय अभियान बन गया है और लोग इससे जुड़कर खुद को चौकीदार घोषित कर रहे हैं।
विश्व स्तर पर ट्रेंड कर रहा हैशटेग ‘मैं भी चौकीदार’
विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि 16 मार्च से शुरू होने के बाद ‘मैं भी चौकीदार’ हैशटेग को 30 लाख बार रिट्वीट किया गया है और इस पर 1680 करोड़ इम्प्रेशंस हुए हैं। यह हैशटेग पहले दिन से ही विश्व स्तर पर ट्रेंड करने लगा था। उन्होंने बताया कि नमो एप और सोशल मीडिया पर एक करोड़ से अधिक लोगों ने ‘मैं भी चैकीदार’ का संकल्प लिया है और इस अभियान के वीडियो को विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक करोड़ से अधिक लोगों ने देखा है।
प्रधानमंत्री 31 को करेंगे जन संवाद
शर्मा ने बताया कि विपक्ष द्वारा चौकीदार शब्द को बदनाम किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 25 लाख सिक्योरिटी गॉर्ड्स से ऑडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा चर्चा कर चुके हैं। अब इसी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी देश के प्रत्येक ‘चौकीदार’ यानी हर नागरिक से ऑडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए देश के 500 से अधिक स्थानों पर जनसंवाद करेंगे। उनका यह कार्यक्रम 31 मार्च को शाम 5 बजे शुरू होगा। देश के चुनिंदा स्थानों पर इस कार्यक्रम के दौरान लोग प्रधानमंत्री से सवाल भी कर सकेंगे। मध्यप्रदेश में यह सुविधा ग्वालियर में उपलब्ध होगी। यहां होने वाले कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर सहित अन्य नेता उपस्थित रहेंगे।
भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर होगा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी का यह संवाद कार्यक्रम राजधानी भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर होगा। यहां कार्यक्रम से पहले शाम 4 बजे से एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम 5 बजे से प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम होगा। प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि विभिन्न चैनलों के अलावा प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को नमो एप एवं भारतीय जनता पार्टी की वेबसाइट पर भी सुना जा सकेगा।