भाजपा में टिकिट को लेकर असमंजस
खबरनेशन/Khabarnation
मध्यप्रदेश की चुनी हुई सीटों पर अपने उम्मीदवारों के बारे में तय करने में विलंब होने से इस वक्त प्रदेश भाजपा को कुछ तो नुक्सान हो ही रहा है।अभी तक प्रदेश भाजपा यह नहीं तय कर सकी है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल में उस का उम्मीदवार कौन होगा।
भाजपा की तरफ से यह कहा जा रहा है कि भोपाल में चुनाव 12 मई को है और इस कारण से अभी भी उम्मीदवार का नाम तय करने में कुछ भी देरी नहीं हुई है। कांग्रेस ने तो भोपाल के लिये दिग्विजय का नाम करीब एक सप्ताह पहले ही तय कर लिया था और इस का फायदा उस को मिल रहा है।
भाजपा के सूत्र यह कह रहे हैं कि उम्मीदवार का नाम दो या चार दिनों में तय हो ही जायेगा। भोपाल के अलावा भी कुछ अहम सीटें हैं जिन पर उम्मीदवार का नाम अभी तक तय नहीं हुआ है।
इन में दो प्रमुख सीटे हैं इंदौर और विदिशा । अभी तो केवल यह तय माना जा रहा है कि सुमित्रा महाजन जो कि इंदौर से आठ बार चुनाव जीत चुकी हैं अब की बार उम्मीदवार नहीं होगी। भोपाल और इंदौर दोनों के लिये बहुत सारे नाम लिये जा रहे हैं पर अभी भी अंतिम उम्मीदवार का नाम पता नहीं है। यह संशय की हालत जितनी जल्दी खतम होगी उतना ही भाजपा के लिये अच्छा होगा।