हिंदू आतंकवाद कहने वाले दिग्विजय सिंह हिंदू होने का प्रमाण पत्र दिखाते घूम रहे हैं: आलोक संजर
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व सांसद आलोक संजर ने कहा कि हिन्दु आतंकवाद कहने वाले दिग्विजय सिंह आज भोपाल में अपने हिन्दु होने का प्रमाण दिखाते घूम रहे है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह की नजर में जाकिर नाईक शांति का दूत है। आतंकवादी हाफिज सईद को हाफिज साहब शब्द से संबोधित करने वाले दिग्विजय सिंह आज संघ और भारतीय जनता पार्टी पर सांस्कृतिक और सामाजिक संगठन होने पर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान और आईएसआई के तर्ज पर हिंदुओं को आतंकवाद से जोड़ने का काम किया था। जब भारत की सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। पूरा देश सेना पर गर्व कर रहा था, तब यही दिग्विजय सिंह सेना से सबूत मांगने का काम कर रहे थे। भारत की रक्षा करने वाले सैनिक पर हाथ उठाने जैसा घृणित काम दिग्विजय सिंह ने किया। इनकी पाकिस्तान परस्त नीति जनता से छिपी नहीं है।
आलोक संजर ने कहा कि कांग्रेस बांटो और राज करो की नीति पर चलने वाली पार्टी है। कांग्रेस वोट के लिए कुछ भी कर सकती है। शांति का टापू कहलाने वाले मध्यप्रदेश में कांग्रेस के तीन माह के शासनकाल में ही हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार जैसे घिनौने अपराध लगातार बढ रहे है। कांग्रेस और दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा चुनाव को सांप्रदायिक बनाने पर तुले हैं।