बेहतर होगा राहुल गांधी से माफी मांग कर घर बैठें दिग्विजयसिंह: आलोक संजर

राजनीति Mar 28, 2019

खबरनेशन/Khabarnation  

भोपाल। दिग्विजयसिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए जिन-जिन लोगों और वर्गों का नुकसान किया है, जिन्हें परेशान किया है, उनकी सूची बहुत लंबी है। दिग्विजयसिंह अपने इन कर्मों के लिए किस-किस से माफी मांगेंगे। अब उनके लिए यही बेहतर होगा कि वे राहुल गांधी से माफी मांग कर घर बैठें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद श्री आलोक संजर ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह द्वारा राजधानी भोपाल में सरकारी कर्मचारियों से माफी मांगने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह लोकसभा चुनाव में भोपाल सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के कर्मचारियों से अपने पिछले व्यवहार के लिए माफी मांगी थी। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं सासंद आलोक संजर ने कहा है कि सरकारी कर्मचारियों को परेशान करना मि.बंटाढार का एक कारनामा था, उन्होंने प्रदेश की जनता पर और भी कई जुल्म किए थे। 

उन्होंने प्रदेश की अधोसंरचना की दुर्गति कर दी थी, जिससे प्रदेश बरसों पीछे चला गया। उन्होंने दो घंटे की बिजली के लिए प्रदेश के लोगों से 10-10 घंटे इंतजार कराया। उन्होंने सरकारी नौकरियों पर रोक लगाकर उस समय के युवाओं की एक पूरी पीढ़ी को दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं में अड़ंगा लगाकर प्रदेश की कृषि के विकास को रोक दिया। उन्होंने अपनी सोशल इंजीनियरिंग के फॉर्मूले से पूरे समाज का बंटाढार कर दिया था। संजर ने कहा कि प्रदेश को बरबादी के रास्ते पर ले जाने वाले दिग्विजयसिंह किस-किस से माफी मांगेंगे। यदि वे ऐसा कर भी लें, तो प्रदेश की जनता को उनके कार्यकाल के दौरान हुई आम लोगों की दुर्गति अभी भी याद है और वह उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

Share:


Related Articles


Leave a Comment