सोशल मीडिया सरकार के काम को जनता के साथ जोड़ने का सशक्त माध्यम: सुहास भगत
महिला मोर्चा की सोशल मीडिया कार्यशाला सम्पन्न
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। सोशल मीडिया आज की जरूरत है। सरकार के काम को जनता के साथ जोड़ने का यह सशक्त माध्यम सोशल मीडिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने सोशल मीडिया की शक्ति को समझते हुए इसके जरिये लोगों को जागरूक कर समाज के आखिरी व्यक्ति तक अपनी पहुंच बनाई है। भारतीय जनता पार्टी ने मजबूत सोशल मीडिया नेटवर्क की वजह से पिछले लोकसभा चुनाव में विजयी हुई थी। हमे इस बार फिर उसी जीत को दोहराते हुए नरेन्द्र मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने महिला मोर्चा की सोशल मीडिया कार्यशाला में कही।
लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की सोशल मीडिया कार्यशाला गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित हुई। कार्यशाला को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी श्रीमती कृष्णा गौर एवं पार्टी के आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक शिवराज डाबी ने संबोधित किया। कार्यशाला में एचआर लता ने स्वागत भाषण दिया। संचालन नीरूसिंह ज्ञानी एवं आभार आशा सेंगर ने माना। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, राजमाताजी और पं. दीनदयालजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यशाला का विधिवत शुभारम्भ किया।
वर्चुअल दुनिया के साथ जीवंत संपर्क भी जरूरी
सुहास भगत ने कहा कि आधुनिक युग में बदलती दुनिया के साथ हमको कदम मिला कर चलना होता है लेकिन सोशल युग की इस वर्चुअल दुनिया के साथ जीवंत संपर्क भी जरूरी है। सोशल कार्यकर्ताओं को अपनी उपस्थित दर्ज करानी होगी और उन्हें लोगों को व्हाट्सऐप, फेसबुक, ट्वीटर और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिये जागरुक कर उनके साथ जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि प्रवास हमारे संगठन के प्राण है हम सोशल मीडिया की सक्रियता के साथ बूथ पर भी सक्रिय रहे। भाजपा सरकार के अपार उपलब्धियों को लेकर हम जनता तक पहुचे और उनका प्रचार पसार करें। भगत ने कहा कि सोशल प्लेटफार्म पर नवाचारों को सराहा जाता है। पार्टी के प्रचार प्रसार में कोई नवाचार कर हम अपने विचारों को साँझा करना चाहिए।
कांग्रेस के प्रोपेगेंडा और कुचक्र को हमे तोडना है।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि यह आम चुनाव राष्ट्रवाद और झूठ बोलने वाली कांग्रेस के बीच का चुनाव है। प्रदेश में कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का झूठ बोल कर सत्ता हासिल की। कांग्रेस का इतिहास रहा है की उसने हमेशा भ्रम और झूठ की बिसात पर सत्ता हासिल करने की कोशिश की है। इस लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस प्रोपेगेंडा चला रही है। जनता के सामने झूठ प्रचारित किया जा रहा है। लेकिन हम बहनों को कांग्रेस के इस कुचक्र को तोडने का काम करना है। हमारा एक मात्र लक्ष्य नरेन्द्र मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। फिर से देश में नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाने का इतिहास रचने में हम बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कार्यशाला में आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक शिवराज डाबी ने सोशल मीडिया पर चल रहे पार्टी के विभिन्न अभियानों के बारे में विस्तृत चर्चा की।