जनता को गुमराह कर रहे हैं ‘मिसलीडर’ राहुल गांधी: शिवराजसिंह चौहान
पूर्व मुख्यमंत्री ने किया भाजपा प्रत्याशी संबित पात्रा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ
खबरनेशन/Khabarnation
पुरी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक नेता नहीं, मिसलीडर हैं। वे विभिन्न मुद्दों पर देश के किसानों, गरीबों, युवाओं और हर वर्ग के लोगों को गुमराह करते रहे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पुरी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कही। उन्होंने इस अवसर पर संबित पात्रा को विजयी होने की शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं से देश और उड़ीसा में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया।
जनता सब समझ चुकी है
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी ने देश को राफेल पर मिसलीड किया, कर्नाटक में किसानों को कर्जमाफी पर गुमराह कर उन्हें मिसलीड किया। मध्यप्रदेश में भी राहुल गांधी ने अन्नदाता भाइयों को कर्जमाफी पर गुमराह कर मिसलीड किया, युवाओं को रोजगार भत्ता देने पर मिस लीड कर उनकी भावनाओं से खिलवाड़ किया, महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राहुल गांधी प्रदेश की महिलाओं को मिसलीड कर चुके हैं। अब न्याय के नाम पर देश को पुनः मिस लीड करने जा रहे हैं। चौहान ने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी और उनकी जनता को गुमराह करने वाली राजनीति को समझ चुकी है और वे एक मिसलीडर के रूप में अपनी एक नयी पहचान स्थापित कर चुके हैं।
राहुल ने स्वीकारी गरीबी हटाने में कांग्रेस की असफलता
चौहान ने न्याय योजना को कांग्रेस की कोरी घोषणा बताते हुए कहा कि राहुल गांधी की ‘न्याय’ योजना इस बात की स्वीकारोक्ति है कि कांग्रेस का 1971 का ‘गरीबी हटाओ’ का नारा गरीबों के कल्याण के प्रति कोई नीति नहीं, बल्कि एक चुनावी नारा मात्र था। आज जब राहुल गांधी ‘न्याय’ की बात करते हैं तो वे जनता को यह भी बताएं कि 1971 से लेकर अब तक, स्वर्गीय इन्दिरा जी से लेकर स्वर्गीय राजीव जी और यूपीए की सरकार तक गरीबी हटाने के प्रति संवेदनशील नहीं थीं और कांग्रेस की सरकारें इस काम में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। कांग्रेस ने 1971 में भी गरीबी हटाने के नाम पर गरीबों की संवेदनाओं के साथ मजाक किया था और आज लगभग 50 वर्षो के बाद भी कांग्रेस गरीबों के साथ पुनः वो मजाक दोहराने जा रही है।
बहुत हेला 19 बरस, राज्य सरकार बदलीबा दरक
शिवराज सिंह चौहान ने ओड़ीसा की नवीन पटनायक की सरकार को पीसी (पर्सेंटेज) सरकार बताते हुए कहा कि नवीन जी ने ओड़ीसा में कुछ भी नया नहीं किया है। न यहाँ गरीबी खत्म हुई है, न यहाँ कुपोषण की दर में कोई कमी आई है और न ही विकास के कोई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। नवीन पटनायक की सरकार मंत्रालय के तीसरी मंजिल से चल रही है जहां सरकारी बाबू विकास के नाम पर सिर्फ अपना कमीशन लेकर, पर्सेंटेज लेकर जनता के पैसो का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने उड़िया भाषा में जनता से राज्य सरकार को बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘बहुत हेला 19 बरस, राज्य सरकार बदलीबा दरकार’।
इस अवसर पर चौहान ने लोकसभा और विधानसभा प्रत्याशियों को जीत के लिए अपनी शुभकामनायें दी और देश में एक बार पुनः मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से संकल्प लेकर जीत सुनिश्चित होने तक प्राणप्रण से जुट जाने का आह्वान भी किया।